
हल्द्वानी/लालकुआं, प्रेस 15 न्यूज। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा को देखते हुए 05045/05046 लालकुआँ–राजकोट–लालकुआँ साप्ताहिक विशेष ट्रेन के संचालन की अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया है। अब यह विशेष ट्रेन 11 अतिरिक्त फेरों के लिए संचालित की जाएगी।
रेलवे के अनुसार 05045 लालकुआँ–राजकोट साप्ताहिक विशेष ट्रेन 19 जुलाई से 27 सितंबर 2026 तक प्रत्येक रविवार को लालकुआँ से दोपहर 12:35 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन किच्छा, बहेड़ी, इज्जतनगर, बरेली, बदायूं, कासगंज, मथुरा, जयपुर, जोधपुर, महेसाणा, सुरेन्द्रनगर और वांकानेर सहित अनेक प्रमुख स्टेशनों पर ठहरते हुए अगले दिन शाम 6:10 बजे राजकोट पहुंचेगी।
वापसी में 05046 राजकोट–लालकुआँ साप्ताहिक विशेष ट्रेन 20 जुलाई से 28 सितंबर 2026 तक प्रत्येक सोमवार को रात 10:30 बजे राजकोट से रवाना होगी और विभिन्न स्टेशनों पर ठहराव के बाद तीसरे दिन सुबह 5:15 बजे लालकुआँ पहुंचेगी।
रेलवे प्रशासन के अनुसार, इस विशेष ट्रेन में कुल 20 कोच लगाए जाएंगे। इनमें 11 शयनयान (स्लीपर), 4 सामान्य द्वितीय श्रेणी, 2 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी (एसी-3), 1 वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी (एसी-2) तथा 2 एसएलआरडी कोच शामिल रहेंगे।
रेलवे का मानना है कि संचालन अवधि बढ़ने से उत्तराखंड और गुजरात के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों, विशेषकर व्यापारियों, पर्यटकों और प्रवासी यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी।
यह जानकारी मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी।






