हिंदी की वैश्विक उड़ान के लिए प्रो. संजय द्विवेदी ने दिया नया मंत्र

खबर शेयर करें -

भोपाल, प्रेस 15 न्यूज। हिंदी अब केवल भारत की भाषा नहीं रह गई है, बल्कि वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना चुकी है। दुनिया के अनेक देशों में हिंदी को देखा, सुना और पढ़ा जा रहा है। डिजिटल माध्यमों, सोशल मीडिया, सिनेमा और नई तकनीक ने हिंदी के वैश्विक विस्तार को नई गति दी है। यह बात भारतीय जन संचार संस्थान (आईआईएमसी) के पूर्व महानिदेशक प्रो. संजय द्विवेदी ने कही।

प्रो. संजय द्विवेदी केनरा बैंक, भोपाल के अंचल कार्यालय में आयोजित हिंदी दिवस समारोह एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।

Ad

कार्यक्रम की अध्यक्षता बैंक के अंचल प्रमुख सत्य प्रकाश सिंह ने की। इस अवसर पर केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के हिंदी दिवस संदेश का वाचन भी किया गया। विभिन्न हिंदी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

प्रो. द्विवेदी ने कहा कि भाषा केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि संस्कृति, स्मृति और पहचान की संवाहक भी होती है। हिंदी ने भारत की विविधताओं को जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि हिंदी को केवल सरकारी कामकाज तक सीमित रखने के बजाय ज्ञान, विज्ञान, तकनीक, व्यापार और रोजगार की भाषा के रूप में भी विकसित करना होगा।

उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को हिंदी, आधुनिक तकनीक और वैश्विक ज्ञान से जोड़ना समय की आवश्यकता है। हिंदी का विकास दूसरी भारतीय भाषाओं के विरोध में नहीं, बल्कि उनके साथ मिलकर होना चाहिए। भारतीय भाषाओं की विविधता ही देश की भाषाई शक्ति है और हिंदी इस विविधता को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण कड़ी बन सकती है।

राजभाषा का हो प्रभावी प्रयोग: सिंह

बैंक के अंचल प्रमुख सत्य प्रकाश सिंह ने कहा कि राजभाषा हिंदी का प्रभावी प्रयोग बैंकिंग सेवाओं को अधिक सहज, सरल और जनसुलभ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ग्राहकों से उनकी भाषा में संवाद करने से बैंक और ग्राहकों के बीच आत्मीयता बढ़ती है। उन्होंने बैंक कर्मचारियों से हिंदी को केवल औपचारिकता तक सीमित न रखकर दैनिक कार्य-व्यवहार की सहज भाषा के रूप में अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में राजभाषा अधिकारी खुशबू गुप्ता ने संचालन किया, जबकि उप महाप्रबंधक किरीट नागर ने स्वागत भाषण दिया। समारोह में बैंक के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

Ad

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें