
काठगोदाम, प्रेस 15 न्यूज। मुंबई और कुमाऊं के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। रेलवे प्रशासन ने मुंबई सेंट्रल-काठगोदाम सुपरफास्ट साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन को अब नियमित एक्सप्रेस ट्रेन के रूप में चलाने का फैसला किया है। इससे यात्रियों को अब स्थायी रूप से बेहतर रेल सुविधा मिल सकेगी।
रेलवे प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुविधा को देखते हुए पूर्व से संचालित 09075/09076 मुम्बई सेंट्रल-काठगोदाम-मुम्बई सेंट्रल सुपरफास्ट साप्ताहिक विशेष गाड़ी को अब नियमित ट्रेन संख्या 21907/21908 मुम्बई सेंट्रल-काठगोदाम-मुम्बई सेंट्रल सुपरफास्ट साप्ताहिक एक्सप्रेस के रूप में संचालित किया जाएगा।
रेलवे के अनुसार 21907 मुम्बई सेंट्रल-काठगोदाम सुपरफास्ट एक्सप्रेस का संचालन 27 मई 2026 से प्रत्येक बुधवार को मुम्बई सेंट्रल से किया जाएगा, जबकि 21908 काठगोदाम-मुम्बई सेंट्रल सुपरफास्ट एक्सप्रेस 28 मई 2026 से प्रत्येक गुरुवार को काठगोदाम से संचालित होगी।
21907 मुम्बई सेंट्रल-काठगोदाम सुपरफास्ट एक्सप्रेस मुम्बई सेंट्रल से सुबह 10:55 बजे रवाना होकर बोरीवली, वापी, वलसाड, सूरत, वडोदरा, रतलाम, कोटा, सवाई माधोपुर, भरतपुर, मथुरा, कासगंज, बरेली, लालकुआं और हल्द्वानी सहित विभिन्न स्टेशनों से होते हुए अगले दिन दोपहर 1:50 बजे काठगोदाम पहुंचेगी।
वहीं वापसी में 21908 काठगोदाम-मुम्बई सेंट्रल सुपरफास्ट एक्सप्रेस काठगोदाम से शाम 5:30 बजे प्रस्थान कर हल्द्वानी, लालकुआं, बरेली, मथुरा, कोटा, रतलाम, सूरत और बोरीवली समेत कई प्रमुख स्टेशनों से गुजरते हुए अगले दिन रात 9:00 बजे मुम्बई सेंट्रल पहुंचेगी।
रेलवे प्रशासन के अनुसार इस ट्रेन में कुल 18 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें 2 जीएसएलआरडी, 4 सामान्य द्वितीय श्रेणी, 7 शयनयान, 4 एसी थर्ड तथा 1 एसी सेकेंड श्रेणी कोच शामिल रहेंगे।
यह जानकारी मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार अधिकारी द्वारा दी गई।





