
टनकपुर/काठगोदाम, प्रेस 15 न्यूज। दिल्ली रेल मंडल में चल रहे बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर कार्य का असर अब यात्रियों की यात्रा पर साफ दिखाई देने लगा है। नए यमुना पुल के निर्माण के चलते रेलवे ने कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के मार्ग में बदलाव कर दिया है। इससे खासकर उत्तराखंड और राजस्थान रूट के यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना बदलनी पड़ सकती है।
पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल ने जानकारी दी है कि उत्तर रेलवे के दिल्ली मंडल के अंतर्गत दिल्ली और दिल्ली शाहदरा स्टेशनों के बीच नए यमुना पुल के निर्माण कार्य के लिए ब्लॉक लिया जा रहा है। इसी के चलते कुछ ट्रेनों का मार्ग परिवर्तन और ठहराव में बदलाव किया गया है।
15091 दौराई–टनकपुर एक्सप्रेस
यह ट्रेन 17 और 28 मार्च 2026 को अपने निर्धारित मार्ग की बजाय दिल्ली सराय रोहिल्ला–नई दिल्ली–तिलक ब्रिज–शकूर बस्ती के रास्ते चलाई जाएगी। इस बदलाव के कारण दिल्ली स्टेशन पर इसका ठहराव नहीं रहेगा।
12036 दिल्ली–टनकपुर एक्सप्रेस
यह ट्रेन 18 मार्च 2026 को परिवर्तित मार्ग दिल्ली–नई दिल्ली–तिलक ब्रिज–शकूर बस्ती के रास्ते चलेगी।इस दौरान दिल्ली शाहदरा स्टेशन पर इसका ठहराव निरस्त रहेगा।
15014 काठगोदाम–जैसलमेर एक्सप्रेस
यह ट्रेन 28 मार्च 2026 को शकूर बस्ती–तिलक ब्रिज–नई दिल्ली–दिल्ली सराय रोहिल्ला के रास्ते संचालित होगी। इसके चलते दिल्ली स्टेशन पर इसका ठहराव नहीं होगा।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले अपने ट्रेन के रूट और स्टॉपेज की जानकारी अवश्य जांच लें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके। यह जानकारी इज्जतनगर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक संजीव शर्मा द्वारा दी गई है।





