आज फिर हल्द्वानी से कैंची धाम, नैनीताल, भीमताल, अल्मोड़ा जाने वालों का इम्तिहान! शाम 4 से 10 बजे तक बदला ट्रैफिक प्लान

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। इस वीकेंड कैंची धाम में उमड़े पर्यटकों और श्रद्धालुओं के सैलाब के बीच लगे जाम ने सड़क पर जाने कितने लोगों की फजीहत करा दी। कई जगह यातायात का दबाव इतना बढ़ा कि पुलिस-प्रशासन भीड़ के आगे बेबस नजर आया।

अब रविवार को हालात को कुछ राहत देने के मकसद से पुलिस-प्रशासन ने ट्रैफिक प्लान में बड़ा बदलाव किया है। हालांकि इस बदलाव से कुछ रास्तों पर परेशानी बढ़ना तय है, लेकिन अगर आप रविवार को नैनीताल, भीमताल या कैंची धाम की ओर निकलने की तैयारी में हैं तो यह बदला हुआ ट्रैफिक प्लान आपके लिए जानना बेहद जरूरी है। वरना रास्ते में होने वाली फजीहत दोगुनी हो सकती है।

Ad

कैंची धाम एवं नैनीताल में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के भारी आगमन को देखते हुए यातायात के सुचारु संचालन और आमजन की सुविधा के लिए 04 अक्टूबर 2026 को शाम 4 बजे से रात 10 बजे तक विशेष वन-वे ट्रैफिक प्लान लागू रहेगा। इस दौरान काठगोदाम से नैनीताल और भीमताल की ओर जाने वाले वाहनों के लिए मुख्य मार्ग पर यातायात बंद रहेगा।

काठगोदाम-नैनीताल/भीमताल मार्ग रहेगा बंद

04 अक्टूबर को शाम 4 बजे से रात 10 बजे तक काठगोदाम, नारीमन पॉइंट होते हुए नैनीताल एवं भीमताल की ओर जाने वाला एनएच मार्ग पूर्णतः बंद रहेगा। इस अवधि में इस मार्ग पर नैनीताल एवं भीमताल की ओर से हल्द्वानी आने वाले वाहनों को ही एग्जिट कराया जाएगा। यानी मार्ग पर केवल हल्द्वानी की दिशा में वन-वे ट्रैफिक संचालित रहेगा।

नैनीताल जाने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग

यातायात व्यवस्था को देखते हुए नैनीताल जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करने की सलाह दी गई है।

दिल्ली/देहरादून की ओर से नैनीताल जाने वाले वाहन:

कालाढूंगी रोड → नैनीताल तिराहा → नैनीताल

हल्द्वानी से नैनीताल, भीमताल/भवाली की ओर जाने वाले वाहन:

हल्द्वानी → कालटेक्स चौराहा → मुखानी → फतेहपुर तिराहा → पटुवाडांगर → बेलुआखान → भवाली/भीमताल

यातायात प्लान का उद्देश्य भारी भीड़ के बीच यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना और श्रद्धालुओं, पर्यटकों तथा स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा उपलब्ध कराना है। वाहन चालकों से निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की गई है।

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

Ad

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें