
हल्दूचौड़, प्रेस 15 न्यूज। भारत विकास परिषद शाखा लालकुआं की ओर से आयोजित राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने देशभक्ति के सुरों से ऐसा समां बांधा कि पूरा सभागार राष्ट्रप्रेम की भावना से सराबोर हो उठा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सांसद प्रतिनिधि लक्ष्मण सिंह खाती ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में केवल संगीत और मंचीय प्रतिभा ही नहीं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करते हैं।
क्षेत्र के एक स्कूल के सभागार में आयोजित प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि लक्ष्मण सिंह खाती, स्कूल के निदेशक श्रीष पाठक और भारत विकास परिषद के सदस्यों ने दीप प्रज्वलित कर किया। परिषद के सदस्यों ने अतिथियों का पटका पहनाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
लक्ष्मण खाती ने कहा कि देशभक्ति केवल शब्दों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि बच्चों के संस्कार और व्यवहार में भी दिखाई देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि समूह गान जैसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को एक-दूसरे के साथ मिलकर आगे बढ़ना सिखाती हैं।
उन्होंने कहा कि जब बच्चे एक सुर और एक ताल में राष्ट्रगीत प्रस्तुत करते हैं तो उनमें एकता, अनुशासन और सामूहिक जिम्मेदारी की भावना मजबूत होती है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रतियोगिता में जीतने से ज्यादा महत्वपूर्ण पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ प्रतिभाग करना है।
प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। टीमों को यमुना, सरस्वती, ब्रह्मपुत्र, कावेरी और सिंधु जैसे नाम दिए गए। प्रथम चरण में हिंदी समूह गान तथा इसके बाद संस्कृत समूह गान प्रस्तुत किए गए। विद्यार्थियों ने मधुर स्वर, सामूहिक तालमेल और शानदार मंचीय प्रस्तुति से निर्णायक मंडल एवं उपस्थित लोगों को प्रभावित किया।
प्रतियोगिता में यमुना टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। सरस्वती टीम द्वितीय, ब्रह्मपुत्र टीम तृतीय, कावेरी टीम चतुर्थ तथा सिंधु टीम पंचम स्थान पर रही। सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में संगीताचार्य विनिता पांडे, लता कुंजवाल एवं डिंपल जोशी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर भारत विकास परिषद शाखा लालकुआं के अध्यक्ष चंद्रेश भाटिया, सह-सचिव जुगल किशोर गर्ग, वित्त सचिव शुभम अग्रवाल, उपाध्यक्ष (महिला सहभागिता) रितु अरोड़ा, कार्यक्रम संयोजक आशु खुराना एवं संचालन हेमंत जैन सहित परिषद के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
विद्यालय के निदेशक श्रीष पाठक ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रतियोगिता केवल हार-जीत का मंच नहीं, बल्कि सीखने, आत्मविश्वास बढ़ाने और प्रतिभा को निखारने का अवसर है।
कार्यक्रम में एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर प्रियांशी पाठक, प्रधानाचार्या मोनिका जोशी, शैक्षिक समन्वयक रेनू मिश्रा सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साह बढ़ाया।
भारत विकास परिषद की ओर से विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के सामूहिक गायन से हुआ।









