
नैनीताल, प्रेस 15 न्यूज। मंजिल सिर्फ भारत की 13 हजार किलोमीटर की दूरी तय करना नहीं, बल्कि देश के हर गांव और शहर तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाना है। इसी संकल्प के साथ असम के पल्लव देव बीते 573 दिनों से पैदल यात्रा पर हैं। शनिवार को वह नैनीताल पहुंचे। यहां उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और अपने भविष्य के साथ देश के भविष्य के बारे में सोचने की अपील की।
गाड़ी छोड़कर पैदल ही भारत भ्रमण पर निकले पल्लव देव ने बताया कि उनकी यह यात्रा 5 मई 2025 को असम के श्रीभूमि जिले के रानीबाड़ी गांव से शुरू हुई थी। अब तक वह असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश होते हुए उत्तराखंड पहुंचे हैं। यहां उनकी यात्रा लगभग पूरी होने वाली है। इसके बाद वह उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर और लेह-लद्दाख होते हुए अपनी यात्रा आगे बढ़ाएंगे।
पल्लव ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य कोई रिकॉर्ड बनाना नहीं, बल्कि देश के हर गांव और शहर तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाना है। उनका मानना है कि यदि भारत का युवा नशे से दूर हो जाए तो देश को विश्व गुरु बनने से कोई नहीं रोक सकता।
उन्होंने बताया कि बचपन से ही उनका सपना सेना में जाने का था, लेकिन यह सपना पूरा नहीं हो सका। इसके बाद उन्होंने देश के लिए किसी दूसरे तरीके से काम करने का संकल्प लिया। युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाता देखकर उन्होंने पैदल भारत यात्रा शुरू करने का फैसला किया।
उत्तराखंड के अनुभव साझा करते हुए पल्लव ने कहा कि यहां के लोगों का व्यवहार और संस्कृति उन्हें बेहद अच्छी लगी। यात्रा के दौरान लोगों का समर्थन भी मिल रहा है। हालांकि, पहाड़ी क्षेत्रों में जंगली जानवरों से परेशानी होती है। उन्होंने चिंता जताई कि उत्तराखंड में भी कुछ युवा नशे की गिरफ्त में हैं। उनका कहना है कि हर गांव, जिले और शहर का युवा नशे से दूर रहेगा, तभी हमारी संस्कृति और देश सुरक्षित रहेंगे।
नशे की समस्या के समाधान पर उन्होंने कहा कि केवल नशे पर रोक लगाने से बात नहीं बनेगी, बल्कि इसे लोगों के मन से दूर करना होगा। नशा सिर्फ शरीर को ही नहीं, बल्कि पूरे देश को अंदर से खोखला करता है। इसके लिए सभी को एकजुट होकर प्रयास करना होगा।
पल्लव ने कहा कि भारत में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। यदि युवा नशा छोड़कर अपनी ऊर्जा सही दिशा में लगाएं तो ओलंपिक सहित हर खेल में भारत का झंडा सबसे ऊपर लहरा सकता है।
(नैनीताल से वरिष्ठ पत्रकार कमल जगाती की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट ✍️)











