हल्द्वानी (दुःखद): आखिर क्या हुआ? पूर्व नगर स्वास्थ्य अधिकारी के 15 साल के बेटे की संदिग्ध मौत से सनसनी

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। जिस घर में कुछ घंटे पहले तक सब कुछ सामान्य था, वहां अचानक चीख-पुकार और मातम पसर गया। महज 15 साल की उम्र… जिस उम्र में बच्चे सपने बुनते हैं और जिंदगी की नई राहें तलाशते हैं, उसी उम्र में एक किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

घर के भीतर ग्रिल से लटका उसका शव मिला तो परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई। आखिर ऐसा क्या हुआ कि एक हंसते-खेलते परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा? फिलहाल इस सवाल का जवाब पुलिस जांच में तलाशा जा रहा है।

Ad

शहर में गुरुवार शाम एक हृदयविदारक घटना सामने आई। नगर निगम के पूर्व स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज कांडपाल के 15 वर्षीय बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। किशोर घर के भीतर ग्रिल से लटका हुआ मिला। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, किशोर को इस हालत में देखकर परिजन तत्काल उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल ले गए। वहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय रेफर कर दिया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 4:30 बजे निजी अस्पताल से किशोर की मौत की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल और परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई।

सीओ लव शर्मा ने बताया कि किशोर की मौत के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। परिजनों से पूछताछ की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

फिलहाल किशोर की मौत को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

“प्रेस 15 न्यूज” की ओर से शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं। (वरिष्ठ पत्रकार गिरीश गोस्वामी की रिपोर्ट)

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
1

Ad

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें