
कालाढूंगी, प्रेस 15 न्यूज। कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र में वरिष्ठ भाजपा नेता एवं समाजसेवी गुंजन तिवारी इन दिनों गांव-गांव पहुंचकर लोगों से सीधा संवाद कर रहे हैं।
इसी क्रम में सोमवार को उन्होंने ग्राम बसानी और धमोला में खेतों में पहुंचकर किसानों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को करीब से जाना। उन्होंने किसानों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए यथासंभव प्रयास किए जाएंगे।
खेतों में किसानों के बीच पहुंचे वरिष्ठ समाजसेवी और भाजपा नेता गुंजन तिवारी ने खेती-किसानी से जुड़ी चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान किसानों ने मौसम की मार, सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी की उपलब्धता और मौजूदा समय में खाद मिलने में आ रही दिक्कतों को प्रमुखता से उठाया। तिवारी ने किसानों की बातों को गंभीरता से सुना और केंद्र की मोदी सरकार तथा प्रदेश की धामी सरकार की किसान कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की।
उन्होंने कहा कि किसानों का हित और उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता में होना चाहिए। इस दौरान स्थानीय किसान चंद्रप्रकाश, राहुल, हिमांशु आर्य, कलावती और मुन्नी देवी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
मातृशक्ति से संवाद, सुनीं गांव की समस्याएं
किसानों के साथ संवाद के अलावा गुंजन तिवारी कालाढूंगी विधानसभा के ग्राम बसानी और कलियाजाला में मातृशक्ति के साथ बैठकें भी कर चुके हैं। इन बैठकों में महिलाओं ने स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा, रोजगार और गांव के विकास से जुड़ी समस्याओं को खुलकर सामने रखा।
गुंजन तिवारी ने महिलाओं की बातों को गंभीरता से सुनते हुए यथासंभव समाधान का भरोसा दिलाया। उनका कहना रहा कि मातृशक्ति समाज की असली ताकत है और महिलाओं का सम्मान, सुरक्षा एवं सशक्तिकरण बेहद जरूरी है।
युवाओं के साथ ‘कॉफी विद जेन-जी’
वहीं, युवाओं से जुड़ने के लिए उन्होंने बीते दिनों कालाढूंगी विधानसभा के भटलानी और कोटाबाग में ‘कॉफी विद जेन-जी’ के तहत विशेष बैठक आयोजित की।
इसमें युवाओं ने शिक्षा, रोजगार, नशामुक्ति और भविष्य की चुनौतियों पर अपने विचार रखे। गुंजन तिवारी ने युवाओं के सवालों का जवाब देते हुए उन्हें सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने और अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
किसानों, महिलाओं और युवाओं के बीच लगातार पहुंचकर संवाद करने की ये पहल क्षेत्रीय समस्याओं को समझने और अलग-अलग वर्गों से जुड़ने की उनकी सक्रियता को दर्शाती है।











