
चम्पावत, प्रेस 15 न्यूज। उत्तराखंड के चम्पावत जनपद में लधुंधुरा चोटी पर स्थित श्री लधुंधुरा धाम भगवान भोलेनाथ का प्राचीन और आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है। यह स्थल हजारों श्रद्धालुओं की श्रद्धा, विश्वास और आध्यात्मिक चेतना का प्रतीक है।
स्थानीय जनश्रुति और मान्यताओं के अनुसार, इस धाम को वैद्यनाथ ज्योतिर्लिंग की पीठ के रूप में भी माना जाता है। कहा जाता है कि बैजगांव निवासी वैद्य मिश्रा परिवार, जो अब शर्मा लिखता है, और कुएराला का पंडित जोशी परिवार मूल रूप से बैजनाथ क्षेत्र से चम्पावत आया था।
मान्यता है कि तभी से भगवान भोलेनाथ ने इस भूमि पर अपना स्थान ग्रहण किया। यहां विराजमान शिवलिंग को स्वयंभू माना जाता है। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि सच्चे मन से आराधना करने पर मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। संतान की कामना लेकर आने वाले दंपतियों की यहां विशेष आस्था है।
प्रत्येक पूर्णिमा पर धाम में भव्य मेला लगता है, जिसमें दूर-दूर से हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। पूर्णिमा की रात भगवान भोलेनाथ की झांकी ऊपर स्थित शिव मंदिर शक्तिपीठ तक जाती है। यह परंपरा इस धाम की विशेष पहचान है।
धाम की सबसे प्रेरणादायक विशेषता सामाजिक समरसता है। झांकी निकलने पर हर वर्ग अपनी परंपरागत जिम्मेदारी और श्रद्धा के साथ सेवा में जुटता है।
जटिया समाज के लोग आगे रहकर ढोल-नगाड़ों की मंगल ध्वनि के साथ भोलेनाथ की अगवानी करते हैं। महाराणा, ठाकुर और क्षत्रिय समाज के लोग छड़ीदार की परंपरागत भूमिका निभाते हैं। बोहरा समाज के लोग श्रद्धापूर्वक डोली को कंधों पर उठाते हैं, जबकि ब्राह्मण समाज विधि-विधान से पूजा-अर्चना और अनुष्ठान संपन्न कराता है।
इस तरह समाज के सभी वर्ग अपनी-अपनी भूमिका निभाते हुए एक ही आराध्य के चरणों में एकत्र होते हैं। यह परंपरा संदेश देती है कि ईश्वर की भक्ति में ऊंच-नीच और भेदभाव का कोई स्थान नहीं है। यहां सेवा ही सबसे बड़ा धर्म और भक्ति ही सबसे बड़ा परिचय है। यह धाम केवल मंदिर नहीं, बल्कि एकता, भाईचारे और परस्पर सम्मान की जीवंत मिसाल है।
धाम के पास बहने वाली नदी को लधिया नदी के नाम से जाना जाता है, जो क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता और धार्मिक आस्था का संगम है। यहां की पूजा परंपरा सात्विक है। यहां के ब्राह्मण परंपरागत रूप से बलि प्रथा का विरोध करते हैं और मंदिर में लहसुन-प्याज जैसे तामसिक पदार्थ वर्जित माने जाते हैं।
भागदौड़ भरी जिंदगी से कुछ समय निकालकर श्रद्धालु इस पावन तीर्थ के दर्शन कर सकते हैं, जहां आध्यात्मिक शांति, प्राकृतिक सौंदर्य और प्राचीन परंपराओं का अनूठा वातावरण मिलता है। श्री लधुंधुरा धाम की नित्य पूजा-अर्चना बैजगांव, ईजर और नाखुड़ा गांवों में की जाती है।
(लोहाघाट से वरिष्ठ पत्रकार गणेश दत्त पांडेय की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट ✍️)












