पुरुषों के गढ़ में बेटियों का परचम: मंच सजा, मुकुट पहना और कर दिखाया कमाल, ऐसी रामलीला कभी नहीं देखी होगी!

खबर शेयर करें -

लोहाघाट, प्रेस 15 न्यूज। जब बात संस्कृति और संस्कारों की हो, तो बेटियां किसी से पीछे नहीं, यह साबित कर दिखाया है उत्तराखंड के बिरगुल गांव की लाडियों ने।

पहली बार आयोजित हो रही रामलीला में जब बेटियों ने मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम, लक्ष्मण और माता सीता के रूप में मंच पर कदम रखा, तो मानो त्रेतायुग जीवंत हो उठा। नशे जैसी सामाजिक कुरीतियों को पीछे छोड़ते हुए, इन बेटियों ने अपने भावपूर्ण अभिनय से न सिर्फ दर्शकों की आंखें नम कर दीं, बल्कि यह बता दिया कि जब नारी शक्ति को मंच और हौसला मिले, तो इतिहास खुद-ब-खुद लिखा जाता है।

Ad

बिरगुल गांव में पहली बार आयोजित रामलीला ने आसपास के गांवों को भक्ति और सामाजिक एकजुटता के सूत्र में जोड़ दिया है। श्रीराम, लक्ष्मण और सीता की भूमिकाओं में बालिकाओं के प्रभावशाली अभिनय ने आयोजन को विशेष बना दिया है। राम वनगमन का भावपूर्ण मंचन देखकर दर्शकों की आंखें नम हो गईं।

पहले गांव में कृष्ण लीला का आयोजन होता था। इसके बाद ग्रामीणों को रामलीला शुरू करने की प्रेरणा मिली। शिक्षक रमेश चंद्र जोशी की अध्यक्षता में गठित रामलीला कमेटी ने आयोजन की शुरुआत से ही नशे के खिलाफ सख्त रुख अपनाया। आयोजकों के अनुसार, इसका सकारात्मक प्रभाव पड़ा है और लीला में नशे की हालत में आने की प्रवृत्ति पर रोक लगी है।

लीला निदेशक मोहन जोशी और पाटी के प्रसिद्ध तबला वादक भीमलाल के मार्गदर्शन में कलाकारों की प्रतिभा निखरी है। भीमलाल पिछले 35 वर्षों से विभिन्न स्थानों पर रामलीला आयोजनों में सहयोग देते आ रहे हैं।

श्रीराम की भूमिका में साक्षी महराना, लक्ष्मण की भूमिका में शीतल भट्ट और सीता की भूमिका में सोनू भट्ट दर्शकों की सराहना बटोर रही हैं। रावण बने विजय सिंह महाराना, दशरथ की भूमिका निभा रहे जीवन महाराना और हनुमान बने सुनील महर का अभिनय भी दर्शकों को प्रभावित कर रहा है। कलाकारों की साज-सज्जा में डोली का योगदान मंचन का आकर्षण बढ़ा रहा है।

दर्जा राज्यमंत्री एवं सामाजिक कार्यकर्ता मदन सिंह महाराना आयोजन में सहयोग दे रहे हैं। प्रमुख भूमिकाओं में बालिकाओं की भागीदारी से उत्साहित आयोजक आने वाले वर्षों में पूरी तरह महिलाओं की रामलीला आयोजित करने पर भी विचार कर रहे हैं।

(लोहाघाट से वरिष्ठ पत्रकार गणेश दत्त पांडेय की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट ✍️)

What’s your Reaction?
+1
0
+1
1
+1
0
+1
0
+1
0

Ad

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें