नैनीताल जिले में सरकारी राशन पाने वालों के लिए अलर्ट: 15 नवंबर से पहले निपटा लें यह जरूरी काम, वरना कार्ड रद्द

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। अगर आपके पास राशन कार्ड है और आप सरकारी राशन लेते हैं तो यह खबर आपके लिए ही है। ये छोटा सा काम करते ही आपका राशन कार्ड सुरक्षित हो जाएगा। आपने अभी तक परिवार के सभी सदस्यों की ई-केवाईसी (e-KYC) नहीं कराई है, तो तुरंत सतर्क हो जाएं।

प्रदेश सरकार ने बिना ई-केवाईसी वाले राशन कार्डों और यूनिटों पर गाज गिराने की तैयारी कर ली है। जिला पूर्ति विभाग ने जिले के सभी राशन कार्ड धारकों को अंतिम चेतावनी जारी करते हुए 15 नवंबर 2026 तक हर हाल में ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी करने के सख्त निर्देश दिए हैं।

Ad

जिला पूर्ति अधिकारी मनोज बर्मन ने जानकारी देते हुए स्पष्ट किया कि शासन की ओर से उपभोक्ताओं को ई-केवाईसी पूर्ण कराने का यह अंतिम अवसर दिया जा रहा है।

तय सीमा में ई-केवाईसी न कराने पर होगी कार्रवाई

जिला पूर्ति अधिकारी ने कड़े शब्दों में कहा कि यदि निर्धारित अंतिम तिथि (15 नवंबर) तक राशन कार्ड में दर्ज सभी सदस्यों की ई-केवाईसी पूरी नहीं पाई जाती है, तो शासन के नियमानुसार संबंधित राशन कार्ड या उस सदस्य (यूनिट) का नाम निरस्त (रद्द) कर दिया जाएगा। ऐसा होने पर किसी भी प्रकार के नुकसान या असुविधा की पूरी जिम्मेदारी संबंधित राशन कार्डधारक और उपभोक्ता की स्वयं होगी।

घर बैठे या पास की दुकान से आसानी से कराएं ई-केवाईसी

उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए ई-केवाईसी कराने के दो आसान माध्यम उपलब्ध कराए गए हैं:

सस्ता गल्ला की दुकान पर: राशन कार्डधारक उत्तराखंड में स्थित किसी भी सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान (फेयर प्राइस शॉप) पर जाकर बायोमेट्रिक ई-पॉस (e-PoS) मशीन के माध्यम से अपने सभी सदस्यों की ई-केवाईसी करा सकते हैं।

मोबाइल ऐप के जरिए: जो लोग दुकान नहीं जा सकते, वे अपने स्मार्टफोन में ‘मेरा ई-केवाईसी’ (Mera e-KYC) मोबाइल ऐप डाउनलोड करके भी घर बैठे इस प्रक्रिया को आसानी से पूरा कर सकते हैं।

अपील: राशन कार्ड धारक अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना जल्द से जल्द अपने पूरे परिवार की ई-केवाईसी प्रक्रिया पूर्ण करा लें, ताकि भविष्य में राशन आपूर्ति बाधित न हो।

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

Ad

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें