
लोहाघाट, प्रेस 15 न्यूज। नेपाल सीमा से लगे मडलक गांव में भैया दूज के अवसर पर बगवाली मेले की धूम रही। भगवती मंदिर मडलक, मझपीपल, बगोली और देवी मैत बूंगा से देवी रथ यात्रा निकाली गई, जिसमें क्षेत्र के दर्जनों गांवों के श्रद्धालुओं ने भाग लिया और डोले को कंधा देकर मां का आशीर्वाद लिया।
सबसे पहले सैलला गांव से देवी का रथ मंदिर पहुंचा। इसके बाद मडलक और फिर बगोली गांव से शोभायात्रा निकली, जो मझपीपल पहुंची, जहां पहले से उस गांव के रथ की प्रतीक्षा हो रही थी।
यहां से दोनों रथ एक साथ मडलक के भगवती मंदिर की ओर रवाना हुए। रथों के पीछे महिलाएं लोकगीत गाते हुए मां भगवती की आराधना करती चल रही थीं। मां के जयकारों के बीच हजारों लोग मंदिर पहुंचे।
मंदिर की परिक्रमा के बाद तीनों रथ देवी मैत बूंगा की ओर गए। मान्यता है कि मां भगवती सदियों से इसी दिन अपने भाई का पूजन करने यहां आती रही हैं, इसलिए इस स्थान को देवी मैत (देवी का मायका) कहा जाता है।
इसके बाद रथ फिर भगवती मंदिर मडलक लौटे, जहां परिक्रमा के बाद देव डांगरों ने सभी को आशीर्वाद दिया। देवी रथ को कंधा देना यहां सौभाग्य माना जाता है।
इससे पहले जिलाधिकारी मनीष कुमार ने इस परंपरागत मेले का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि ऐसे मेले हमें प्रकृति, संस्कृति और पूर्वजों की विरासत से जोड़ते हैं तथा संगठित जीवन और आस्था की प्रेरणा देते हैं।
जिलाधिकारी ने मेले में आए प्रवासियों से भी मुलाकात की और कहा कि यहां की सुंदर आबोहवा छोड़कर मैदानों की भीड़ का हिस्सा बनने से कोई लाभ नहीं। उन्होंने लोगों से गांव लौटकर पूर्वजों के खेतों को आबाद करने की अपील की और कहा कि जिला प्रशासन इसमें पूरा सहयोग करेगा।
मेला आयोजन समिति अध्यक्ष आनंद जोशी, ग्राम प्रधान महेश जोशी, डॉ. सतीश चंद्र पांडे, दयाकृष्ण उपाध्याय, भुवन भट्ट, वासुदेव उपाध्याय, पूरन भट्ट आदि ने जिलाधिकारी, उनके साथ आए आईपीएस आशीष पंत और जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी का स्वागत किया।
स्कूली बच्चों ने अतिथियों के सम्मान में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बुधवार को दोपहर बाद बगवाली महोत्सव में रंगारंग कार्यक्रम होंगे, जिन्हें देखने नेपाल से भी लोग पहुंचेंगे।
(लोहाघाट से वरिष्ठ पत्रकार गणेश दत्त पांडेय की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट ✍️)











