सरकारी दफ्तरों का भगवान मालिक! हल्द्वानी में 12 कर्मचारी गायब, भीमताल में तीन की सेवा समाप्ति की संस्तुति

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी/भीमताल, प्रेस 15 न्यूज। सरकारी दफ्तरों में जनता के कामकाज और सरकारी योजनाओं की रफ्तार का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कहीं कर्मचारी ड्यूटी से नदारद हैं तो कहीं जिम्मेदार अधिकारी ही बिना अनुमति मुख्यालय छोड़कर चले जा रहे हैं।

योजनाओं के लिए बजट उपलब्ध होने के बावजूद धनराशि का पूरा उपयोग नहीं हो रहा है। ऐसे में सरकारी व्यवस्था का भगवान ही मालिक है! यह तस्वीर हल्द्वानी और भीमताल विकासखंड कार्यालयों के औचक निरीक्षण में सामने आई है। मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डेय ने हल्द्वानी में 12 कार्मिकों की अनुपस्थिति पर वेतन रोकने और स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए, जबकि भीमताल में तीन कर्मचारियों की सेवा समाप्ति की संस्तुति जिलाधिकारी को की जा रही है।

Ad

मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डेय ने विकासखंड कार्यालय हल्द्वानी का औचक निरीक्षण कर वहां संचालित विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान वीबी-जी राम जी, एनआरएलएम, ग्रामोत्थान, विधायक निधि, सांसद निधि, पंचायतीराज, युवा कल्याण विभाग, समाज कल्याण विभाग और लघु सिंचाई के कार्यों की समीक्षा की गई।

निरीक्षण के दौरान पांच कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए, जबकि सात कर्मचारी बिना अवकाश स्वीकृत कराए छुट्टी पर गए हुए थे। इस पर सीडीओ ने खंड विकास अधिकारी हल्द्वानी को संबंधित सभी 12 कर्मचारियों से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित तिथि का वेतन आहरित न किया जाए।

वहीं, विधायक निधि, सांसद निधि, राज्य वित्त एवं पंद्रहवें वित्त आयोग की योजनाओं के तहत प्राप्त धनराशि का पूर्ण उपयोग नहीं होने पर सीडीओ ने नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपलब्ध धनराशि का शीघ्र उपयोग सुनिश्चित किया जाए।

भीमताल में अधिकारी ही बिना अनुमति मुख्यालय से गायब

निरीक्षण के दौरान जब खंड विकास अधिकारी भीमताल से दूरभाष पर वार्ता की गई तो पता चला कि उन्होंने बिना अवकाश स्वीकृत कराए और बिना पूर्व अनुमति के मुख्यालय छोड़ दिया है। कार्यालय से उनकी अनुपस्थिति पर सीडीओ ने स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए।

इसके अलावा विकासखंड कार्यालय भीमताल में अनुपस्थित पाए गए तीन कर्मचारियों के विरुद्ध सेवा समाप्ति की कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी नैनीताल को संस्तुति की जा रही है।

निरीक्षण के दौरान सहायक परियोजना निदेशक डीआरडीए श्रीमती चंदा फर्त्याल, खंड विकास अधिकारी बीएस बिष्ट, सहायक खंड विकास अधिकारी सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

What’s your Reaction?
+1
0
+1
1
+1
0
+1
0
+1
0

Ad

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें