पर्यावरणविद डॉ. पंत की एक और हरियाली पहल, घर-आंगन महकाइए, 600 मुफ्त पौधे ले जाइए

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। पर्यावरण संरक्षण केवल बातें करने से नहीं, बल्कि धरती पर हरियाली बढ़ाने के संकल्प और निरंतर प्रयासों से संभव है। इसी सोच को अपनी जिंदगी का ध्येय बनाकर पिछले 38 वर्षों से पर्यावरण संरक्षण की मुहिम चला रहे पूर्व जिला आयुर्वेद अधिकारी एवं पर्यावरणविद् डॉ. आशुतोष पन्त एक बार फिर सराहनीय पहल कर रहे हैं।

अपने व्यक्तिगत संसाधनों और पर्यावरणप्रेमी मित्रों के सहयोग से अब तक 5 लाख 2 हजार पेड़ लगा चुके डॉ. पन्त हल्द्वानी में इस समय करीब 600 फूलों एवं शोभाकार पौधों का निःशुल्क वितरण कर रहे हैं। उनका उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को पौधरोपण के लिए प्रेरित करना और घर-आंगन से लेकर सार्वजनिक स्थानों तक हरियाली बढ़ाना है।

Ad

डॉ. आशुतोष पन्त ने बताया कि वह हर साल 20 से 25 हजार पेड़ लगाने का लक्ष्य लेकर चलते हैं। इसके लिए बड़े पौधालयों से लंबे समय तक जीवित रहने वाले पेड़ मंगाए जाते हैं। इसके अलावा वह प्रतिवर्ष एक हजार से पंद्रह सौ पौधे स्वयं भी तैयार करते हैं। मार्च, जुलाई और अक्टूबर में तैयार किए जाने वाले इन पौधों के माध्यम से वह हरियाली बढ़ाने के अभियान को लगातार आगे बढ़ा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में उनके पास करीब 600 ऑर्नामेंटल और फूलों के पौधे उपलब्ध हैं। इन्हें बड़े गमलों में भी लगाया जा सकता है और उचित देखभाल करने पर ये 20 से 30 वर्षों तक जीवित रह सकते हैं। हालांकि पौधरोपण के लिए बरसात का मौसम सबसे उपयुक्त है, लेकिन तेज धूप और पाले से बचाव करते हुए सीमित संख्या में पौधे अन्य मौसम में भी लगाए जा सकते हैं।

यहां से निःशुल्क प्राप्त कर सकते हैं पौधे

हल्द्वानी और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले इच्छुक पर्यावरणप्रेमी डॉ. आशुतोष पन्त के आवास रानीखेत परिसर, बिचली गौजाजाली, बरेली रोड, हल्द्वानी से पौधे निःशुल्क प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि यदि उनके परिचित भी हल्द्वानी में रहते हैं और पौधे लगाने के इच्छुक हैं तो उन्हें इस पहल की जानकारी जरूर दें।

डॉ. पन्त इन दिनों विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण और पॉलीथीन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का अभियान भी चला रहे हैं। इसी सिलसिले में उन्हें अक्सर बाहर जाना पड़ता है। इसलिए पौधे लेने पहुंचने से पहले मोबाइल नंबर 9997019501 या 9412958988 पर व्हाट्सएप कॉल कर संपर्क करने की अपील की है।

डॉ. पन्त की यह पहल संदेश देती है कि पर्यावरण संरक्षण के लिए बड़े संसाधनों से ज्यादा जरूरी है प्रकृति के प्रति समर्पण और निरंतर प्रयास। एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करना भी आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा और हरे-भरे भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

What’s your Reaction?
+1
0
+1
1
+1
0
+1
0
+1
0

Ad

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें