
नैनीताल, प्रेस 15 न्यूज। नैनीताल में 3 दोस्तों के साथ नयना पीक घूमने गया ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी का 19 वर्षीय छात्र लापता हो गया। खबर सामने आने के बाद परिजन चिंतित हैं। वहीं, एसडीआरएफ, दमकल विभाग, कोतवाली पुलिस और वन विभाग की 4 टीमें लापता अननव की खोज में जुटी हुई हैं।
नैनीताल के नयना पीक क्षेत्र(8622 फीट)में बीती रात से एक छात्र की तलाश में तमाम रेस्क्यू एजेंसियां जुटी हुई हैं। बिहार के मुंगेर से आए तीन दोस्त 4 नवंबर को हल्द्वानी पहुंचे। उन्होंने अपने गांव के ही ग्राफिक एरा छात्र अननव से संपर्क किया और 5 तारीख को आसपास घूमे।
शुक्रवार को सभी स्कूटी किराए पर लेकर नैनीताल पहुंचे। युवाओं ने बताया कि अननव ने नैनीताल का नैनापीक पहले से देखा था, इसलिए उन्हें भी दोपहर में वहां ले गया। चारों दोस्त दोपहर 2:20 बजे नैनीताल की सबसे ऊंची चोटी के लिए ऊपर चढ़े। तीन दोस्तों ने शाम 5:15 बजे टंकी बैंड स्थित वन चौकी पहुंचकर बताया कि अननव फोटो खींचते समय गायब हो गया।
इसके बाद सभी कोतवाली मल्लीताल पहुंचे और तभी से अननव की खोज में रेस्क्यू ऑपरेशन देररात तक चला। सवेरे एक बार फिर से कोतवाल मल्लीताल राजेन्द्र सिंह रावत के नेतृत्व में एसडीआरएफ, दमकल विभाग, मल्लीताल कोतवाली और वन विभाग की 4 टीमें लापता अननव की खोज में जुटी हुई हैं।
इससे पहले भी 19 नवंबर 2025 को इसी नयना किलबरी ईको टूरिज्म जोन में 17 वर्षीय रुद्रपुर निवासी जयस लापता हो गया था, जिसे बमुश्किल दो दिनों के बाद तलाशा जा सका।
(नैनीताल से वरिष्ठ पत्रकार कमल जगाती की रिपोर्ट ✍️)











