उफनती नदी में कूदकर बचाई दो सहेलियों की जान, चम्पावत की बेटी माया को बाल वीरता पुरस्कार

खबर शेयर करें -

चम्पावत, प्रेस 15 न्यूज। आपदा के बीच अपनी जान की परवाह किए बिना अद्भुत साहस दिखाने वाली चम्पावत की बेटी माया को वर्ष 2026-27 के ‘मुख्यमंत्री राज्य बाल वीरता पुरस्कार’ से सम्मानित किया जाएगा।

ग्राम घुरचुम (पोस्ट कोटा जमराड़ी) निवासी 17 वर्षीय माया पुत्री भुवन चन्द्र कांडपाल को 6 नवंबर को देहरादून में होने वाले राज्यस्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी यह पुरस्कार प्रदान करेंगे।

Ad

घटना 5 अगस्त 2025 की है। भारी बारिश के कारण क्षेत्र की सड़कें भूस्खलन से बंद थीं और ऊपर से लगातार पत्थर गिर रहे थे। स्कूल का रास्ता बंद होने पर माया अपनी सहेलियों के साथ उफनती नदी पार कर परीक्षा देने जा रही थी। तभी तेज बहाव में उसकी दो सहेलियां कोमल और आरती बहने लगीं। हालात की गंभीरता देख माया ने बिना देर किए नदी में छलांग लगा दी और पूरी ताकत लगाकर दोनों को सुरक्षित किनारे तक पहुंचाया।

इस दौरान माया खुद भी घायल हो गई और उसकी चप्पलें भी बह गईं, लेकिन उसने हिम्मत नहीं हारी। चोटिल होने के बावजूद वह दोनों सहेलियों के साथ स्कूल पहुंची और अपनी परीक्षा भी दी। विषम परिस्थितियों से जूझते हुए माया ने वर्ष 2026 में इंटरमीडिएट परीक्षा 86.6 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण कर शिक्षा के प्रति अपनी लगन भी साबित की।

माया के इस अदम्य साहस, तत्परता और मानवीय संवेदना को देखते हुए जनपद स्तरीय चयन समिति की संस्तुति पर महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग ने उसे इस सम्मान के लिए चुना है।

(लोहाघाट से वरिष्ठ पत्रकार गणेश दत्त पांडेय की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट ✍️)

What’s your Reaction?
+1
0
+1
1
+1
0
+1
0
+1
0

Ad

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें