
हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। इस वीकेंड के दौरान कैंची धाम, भवाली एवं भीमताल क्षेत्र में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संभावित भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। 31 अक्टूबर से 1 नवंबर तक विशेष यातायात प्लान लागू रहेगा। इस दौरान भारी वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध के साथ ही बसों और चौपहिया वाहनों के लिए रूट डायवर्जन किया गया है।
कैंची धाम जाने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को निर्धारित पार्किंग में वाहन खड़े कर शटल सेवा से मंदिर तक पहुंचना होगा। ऐसे में घर से निकलने से पहले निर्धारित रूट, पार्किंग और समय की जानकारी अवश्य कर लें, ताकि रास्ते में अनावश्यक जाम और परेशानी का सामना न करना पड़े।
भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित
31 अक्टूबर से 1 नवंबर तक प्रतिदिन सुबह 3 बजे से रात 11 बजे तक सभी प्रकार के भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे वाहनों को जनपद की सीमा पर ही रोका जाएगा।
बसों और चौपहिया वाहनों के लिए डायवर्जन
सुबह 5 बजे से रात 8 बजे तक निम्नानुसार रूट डायवर्जन लागू रहेगा।
अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर और पिथौरागढ़ से मैदानी क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहन: लमगड़ा, धनाचूली, धारी, खुटानी बैंड और भीमताल होते हुए अपने गंतव्य को जाएंगे।
हल्द्वानी, काठगोदाम और मैदानी क्षेत्रों से अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर एवं पिथौरागढ़ जाने वाले वाहन: खुटानी बैंड, भीमताल, धारी और धानाचूली बैंड होते हुए अपने गंतव्य को जाएंगे।
काठगोदाम से रानीखेत जाने वाले वाहन: खुटानी बैंड से डायवर्ट होकर मुक्तेश्वर और रामगढ़ मार्ग से जाएंगे।
कैंची धाम जाने वालों के लिए पार्किंग और शटल व्यवस्था
भीमताल की ओर से आने वाले निजी वाहन: विकास भवन पार्किंग, भीमताल में वाहन खड़े करेंगे। यहां से स्थानीय शटल सेवा के माध्यम से भवाली और कैंची धाम मंदिर पहुंच सकेंगे।
ज्योलीकोट, गेठिया और नैनीताल मार्ग से आने वाले निजी वाहन: भवाली सैनिटोरियम पार्किंग में वाहन खड़े करेंगे। यहां से शटल सेवा के माध्यम से कैंची धाम मंदिर तक पहुंच सकेंगे।
खैरना, गरमपानी और बेतालघाट जाने वालों के लिए वैकल्पिक मार्ग
भीमताल, नैनीताल और ज्योलीकोट की ओर से खैरना, गरमपानी एवं बेतालघाट जाने वाले स्थानीय वाहन दूनीखाल-रातीघाट मोटर मार्ग से अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।
टैक्सी और दोपहिया वाहनों पर प्रतिबंध
वीकेंड के दौरान कैंची धाम क्षेत्र में टैक्सी, दोपहिया वाहनों और पीली नंबर प्लेट वाले दोपहिया वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं, पर्यटकों और आमजन से निर्धारित डायवर्जन रूट, पार्किंग एवं शटल व्यवस्था का पालन करने की अपील की है। साथ ही यात्रा के दौरान यातायात नियमों का पालन करने को कहा है, ताकि सभी की यात्रा सुगम एवं सुरक्षित बनी रहे।











