
हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। रेलवे में नौकरी पाने का सपना देख रहे युवाओं के लिए जरूरी खबर! भर्ती के नाम पर फर्जी वेबसाइट के जरिए अभ्यर्थियों को गुमराह किए जाने की आशंका को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे ने सतर्क रहने की अपील की है।
रेलवे ने स्पष्ट किया है कि rrcner-org नाम की वेबसाइट उसकी आधिकारिक वेबसाइट नहीं है। ऐसे में नौकरी के लालच में किसी अनधिकृत वेबसाइट पर भरोसा करना अभ्यर्थियों को आर्थिक नुकसान के साथ उनकी निजी जानकारियों के दुरुपयोग का शिकार भी बना सकता है। रेलवे ने भर्ती से जुड़ी हर जानकारी केवल अपनी आधिकारिक वेबसाइट से प्राप्त करने की सलाह दी है।
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने प्रेसनोट जारी कर कहा है कि समस्त अभ्यर्थियों एवं आम जनता को सूचित किया जाता है कि rrcner- org नामक वेबसाइट पूर्वाेत्तर रेलवे, गोरखपुर के रेलवे भर्ती सेल (आरआरसी) की आधिकारिक वेबसाइट नहीं है।
अतः उक्त वेबसाइट पर प्रदर्शित भर्ती संबंधी विज्ञापनों, सूचनाओं एवं अन्य जानकारियों की प्रामाणिकता की पुष्टि किए बिना उन पर विश्वास न करें।
अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे रेलवे भर्ती से संबंधित विज्ञापनों, आवेदन प्रक्रिया, पात्रता, परीक्षा कार्यक्रम, परिणाम एवं अन्य महत्वपूर्ण सूचनाओं के लिए केवल पूर्वाेत्तर रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट https://ner-indianrailways.gov.in का ही अनुसरण करें।
अभ्यर्थी किसी भी अनाधिकृत वेबसाइट के माध्यम से उपलब्ध कराई गई भ्रामक सूचनाओं के आधार पर आवेदन करने, धनराशि जमा करने अथवा अपनी व्यक्तिगत एवं गोपनीय जानकारी साझा करने से बचें। किसी भी सूचना की सत्यता सुनिश्चित किए बिना उसे आधिकारिक न मानें। अभ्यर्थियों एवं आम जनता से अपील है कि वे
सतर्क रहें, अनधिकृत एवं फर्जी वेबसाइटों से सावधान रहें तथा रेलवे भर्ती से संबंधित सूचनाओं के लिए केवल आधिकारिक स्रोतों पर ही विश्वास करें।











