हल्द्वानी में रोमांचक खिताबी मुकाबला, डायमंड क्लब ने जीता ऑल इंडिया वॉलीबॉल टूर्नामेंट

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। युवा जिस मैदान पर पसीना बहाते हैं, वहां नशे जैसी बुराइयों के लिए कोई जगह नहीं होती। खेल न केवल शरीर को मजबूत बनाते हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, संघर्ष और सकारात्मक सोच के साथ जीवन में आगे बढ़ने का हौसला भी देते हैं।

युवाओं को खेलों से जोड़ने और खेल प्रतिभाओं को मंच देने के इसी उद्देश्य के साथ श्री बद्रीकेदार वॉलीबॉल समिति की ओर से आयोजित ऑल इंडिया वॉलीबॉल टूर्नामेंट का शानदार समापन हुआ। रोमांच और संघर्ष से भरे फाइनल मुकाबले में डायमंड क्लब ने बिठोरिया वॉलीबॉल क्लब को पराजित कर खिताब अपने नाम कर लिया।

Ad

फाइनल मुकाबले में दोनों टीमों ने शानदार खेल कौशल, दमदार प्रदर्शन और खेल भावना का परिचय दिया। खिलाड़ियों के बेहतरीन खेल ने मैदान में मौजूद खेल प्रेमियों को अंत तक रोमांचित रखा।

डायमंड क्लब के प्रायोजक लाखन सिंह निगल्टिया और बिठोरिया वॉलीबॉल क्लब के प्रायोजक आकाश उप्रेती के सहयोग एवं मार्गदर्शन में दोनों टीमें पूरे उत्साह के साथ मैदान में उतरीं।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि वरिष्ठ समाजसेवी, भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पुष्पा मेमोरियल फाउंडेशन के संस्थापक गुंजन तिवारी रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में साहूकार पंकज महेंद्रू तथा गणमान्य अतिथि के रूप में सुरेंद्र सिंह निगल्टिया उपस्थित रहे।

इस अवसर पर वरिष्ठ समाजसेवी गुंजन तिवारी ने युवाओं को खेलों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल शारीरिक और मानसिक विकास के साथ युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच विकसित करते हैं।

उन्होंने अपनी नशे के विरुद्ध संचालित पदयात्रा मुहिम का उल्लेख करते हुए युवाओं से नशे से दूर रहने और खेलों को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा का सही दिशा में उपयोग समाज और राष्ट्र दोनों के भविष्य के लिए जरूरी है।

बताते चलें कि बीते 22 अक्टूबर से 25 अक्टूबर तक वरिष्ठ भाजपा नेता और समाजसेवी गुंजन तिवारी के आह्वाहन पर कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र में कोटाबाग के बजूनियाहल्दू गांव से गैबुआ, धमोला, कालाढूंगी, चकलुआ के दर्जनों गांवों से होते हुए हल्द्वानी तक नशा मुक्त समाज की पदयात्रा ने जनांदोलन का रूप लिया था।

कालाढूंगी विधानसभा ऐसा पहली बार था कि इतनी बड़ी संख्या में किसी समाजसेवी की पहल पर बुद्धिजिवियों, युवाओं, मातृशक्ति और बुजुर्गों ने नशे के खिलाफ हल्लाबोल कर सामाजिक चेतना का परिचय दिया।

श्री बद्रीकेदार वॉलीबॉल समिति के संरक्षक शंकर भंडारी के कुशल मार्गदर्शन और अथक प्रयासों से टूर्नामेंट का सफल आयोजन एवं समापन हुआ। मैच का संचालन अंशुल पांडे (भोले शंकर) ने किया।

आयोजन को सफल बनाने में समिति के अध्यक्ष गौरव भट्ट, उपाध्यक्ष आकाश उप्रेती तथा सदस्य नितिन लोहनी, विजय फर्तियाल, मुकुल अग्रवाल, विवेक मेहता, पवन आर्य, रोहन, यश भोजक और अंशुल सहित समस्त सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

समिति ने सभी अतिथियों, सहयोगकर्ताओं, खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों के साथ हल्द्वानी की जनता का आभार व्यक्त किया। साथ ही भविष्य में भी युवाओं को खेलों से जोड़ने, स्थानीय प्रतिभाओं को बेहतर मंच देने और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने का संकल्प जताया।

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

Ad

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें