Haldwani: एपीएस के एक और सितारे ने रोशन किया नाम, राष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप में तरुण खुल्बे ने जीता रजत

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। आर्डन प्रोग्रेसिव स्कूल (एपीएस), लामाचौड़ के एक और सितारे ने अपनी शानदार प्रतिभा के दम पर विद्यालय और उत्तराखंड का नाम रोशन किया है। विद्यालय के प्रतिभाशाली छात्र तरुण खुल्बे ने पुणे, महाराष्ट्र में आयोजित इंडियन ताइक्वांडो नेशनल चैंपियनशिप अंडर-14 में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया।

राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में तरुण ने खेल कौशल, आत्मविश्वास, अनुशासन और अदम्य जज्बे का परिचय देते हुए बेहतरीन प्रदर्शन किया। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार के साथ ही उनके माता-पिता और क्षेत्र में भी खुशी की लहर है।

Ad

तरुण की सफलता यहीं नहीं रुकी। राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के आधार पर उनका आगामी वर्ल्ड चैंपियनशिप ट्रायल के लिए उत्तराखंड से चयन हुआ है। यह उपलब्धि तरुण की कड़ी मेहनत, निरंतर अभ्यास और खेल के प्रति समर्पण को दर्शाती है।

लगातार निखर रही एपीएस की प्रतिभाएं

एपीएस में लगातार सामने आ रही विद्यार्थियों की उपलब्धियां इस बात का प्रमाण हैं कि विद्यालय प्रबंधन और शिक्षक विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने के लिए निरंतर मेहनत कर रहे हैं। शिक्षा के साथ-साथ खेल और अन्य गतिविधियों में विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के अवसर दिए जा रहे हैं, जिसका परिणाम अब राष्ट्रीय स्तर पर दिखाई दे रहा है।

विद्यालय के प्रबंधक भुवन चंद्र उपाध्याय ने तरुण खुल्बे को बधाई देते हुए कहा कि किसी भी विद्यार्थी की सफलता केवल एक पदक तक सीमित नहीं होती, बल्कि वह उसके पीछे की मेहनत, अनुशासन और संकल्प की कहानी होती है।

उन्होंने कहा कि तरुण ने अपनी मेहनत और लगन से यह साबित किया है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और उसे पाने के लिए निरंतर प्रयास किया जाए तो सफलता निश्चित रूप से कदम चूमती है। एपीएस परिवार के लिए यह गर्व का क्षण है।

उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि प्रत्येक विद्यार्थी को उसकी प्रतिभा पहचानने और उसे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का अवसर मिले। तरुण की यह सफलता विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों को भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।

उन्होंने कहा कि विद्यालय प्रबंधन और शिक्षक विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयासरत हैं और भविष्य में भी प्रतिभावान विद्यार्थियों को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।

प्रधानाचार्य एवं समस्त विद्यालय परिवार ने तरुण को इस शानदार उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी और वर्ल्ड चैंपियनशिप ट्रायल के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं। विद्यालय परिवार ने विश्वास जताया कि तरुण आगामी प्रतियोगिता में भी शानदार प्रदर्शन कर एपीएस और उत्तराखंड का गौरव बढ़ाएंगे।

What’s your Reaction?
+1
0
+1
2
+1
0
+1
0
+1
0

Ad

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें