Almora: क्रिकेट से कराटे तक, सात खेलों के लिए प्रशिक्षक चयन प्रक्रिया शुरू

खबर शेयर करें -

अल्मोड़ा, प्रेस 15 न्यूज। जनपद के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने तथा खेल प्रतिभाओं को निखारने के उद्देश्य से जिला खेल कार्यालय अल्मोड़ा ने वर्ष 2026-27 के लिए विभिन्न खेलों में कॉन्ट्रैक्ट खेल प्रशिक्षकों के चयन हेतु अल्पकालीन विज्ञप्ति जारी की है। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थियों से 8 जून 2026 की सायं 5 बजे तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

जिला क्रीड़ा अधिकारी द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार क्रिकेट, योगासन, फुटबॉल, टेबल टेनिस, मुए थाई, कराटे तथा बॉक्सिंग खेलों के लिए प्रशिक्षकों का चयन किया जाएगा। चयनित प्रशिक्षकों के माध्यम से विभिन्न प्रशिक्षण केंद्रों पर खेल शिविर संचालित किए जाएंगे।

Ad

क्रिकेट प्रशिक्षण खेल मैदान डायट लक्ष्मेश्वर, योगासन प्रशिक्षण मौना (विकासखंड ताड़ीखेत), फुटबॉल प्रशिक्षण ग्राम तालाड़ (विकासखंड हवालबाग), टेबल टेनिस प्रशिक्षण ऑफिसर्स क्लब अल्मोड़ा, मुए थाई प्रशिक्षण जिला पंचायत भवन अल्मोड़ा तथा कराटे प्रशिक्षण हिलटॉप इंटरनेशनल एकेडमी, विकासखंड धौलादेवी (तहसील भनोली) में संचालित किया जाएगा। बॉक्सिंग प्रशिक्षण शिविर के स्थान की सूचना बाद में दी जाएगी।

विज्ञप्ति के अनुसार, अभ्यर्थी की आयु 10 जून 2026 को न्यूनतम 21 वर्ष तथा अधिकतम 70 वर्ष से कम होनी चाहिए। साथ ही सक्षम चिकित्सक द्वारा जारी शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ होने का प्रमाण पत्र संलग्न करना अनिवार्य होगा। सरकारी अथवा गैर सरकारी संस्थाओं में कार्यरत व्यक्ति कॉन्ट्रैक्ट प्रशिक्षक के रूप में चयन के पात्र नहीं होंगे।

केवल उत्तराखंड के मूल अथवा स्थायी निवासी ही आवेदन कर सकेंगे। आवेदन पत्र निर्धारित प्रारूप में जिला खेल कार्यालय अल्मोड़ा में 8 जून 2026 की सायं 5 बजे तक जमा करना होगा। अंतिम तिथि के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।

प्राप्त आवेदनों एवं प्रमाण पत्रों का सत्यापन एवं परीक्षण 10 जून 2026 को पूर्वाह्न 11 बजे जिला खेल कार्यालय में किया जाएगा, जिसमें सभी अभ्यर्थियों को अपने मूल अभिलेखों सहित उपस्थित रहना अनिवार्य होगा।

जिला क्रीड़ा अधिकारी के अनुसार, आवेदन पत्र का प्रारूप एवं अन्य जानकारी जिला खेल कार्यालय अल्मोड़ा से किसी भी कार्य दिवस में निःशुल्क प्राप्त की जा सकती है।

What’s your Reaction?
+1
1
+1
1
+1
0
+1
0
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें