
हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। प्रतिभाओं को पहचान तभी मिलती है, जब उन्हें अपनी क्षमता साबित करने का उचित मंच मिले। खेल के मैदान ऐसे ही अवसर तैयार करते हैं, जहां मेहनत, अनुशासन और टीम भावना के दम पर युवा अपनी अलग पहचान बना सकते हैं। इसी सोच के साथ श्री बद्रीकेदार वॉलीबॉल समिति की ओर से हल्द्वानी में ऑल इंडिया वॉलीबॉल टूर्नामेंट-2026 का शुभारंभ किया गया।
कमलुवागांजा स्थित गुरुकुल इंटरनेशनल स्कूल के खेल मैदान में आयोजित प्रतियोगिता में देश के विभिन्न क्षेत्रों से टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। टूर्नामेंट का शुभारंभ मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष शशांक रावत ने किया। उन्होंने युवाओं को खेलों से जुड़ने का संदेश देते हुए कहा कि खेल अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक ऊर्जा विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
विशिष्ट अतिथि गुरुकुल इंटरनेशनल स्कूल के निदेशक बीवी नैनवाल और गणमान्य अतिथि नरेश आर्य ने भी खेलों को युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।
समिति का उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ स्थानीय और राष्ट्रीय स्तर की प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराना है।
इस अवसर पर समिति अध्यक्ष गौरव भट्ट, उपाध्यक्ष आकाश प्रेती, संरक्षक शंकर भंडारी, नवल जोशी, विजय, विवेक मेहता, मुकुल अग्रवाल, यश भोजक, प्रिंस आर्य और रोहन सहित समिति के सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन अंशुल पांडे और नितिन लोहनी ने किया। समिति ने अतिथियों, सहयोगकर्ताओं और खेलप्रेमियों का आभार जताया।











