
वर्दी पहनकर देश की सेवा करने का सपना संजोए सीमांत के हजारों युवाओं के लिए नवंबर का आखिरी सप्ताह बेहद खास होने जा रहा है।
सेना में भर्ती होकर मातृभूमि की रक्षा करने की उम्मीद के साथ चम्पावत और पिथौरागढ़ के 4,492 युवा बनबसा में अपनी मेहनत, हौसले और हुनर का इम्तिहान देंगे। 23 नवंबर से शुरू होने वाली भर्ती रैली को सुव्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
चम्पावत, प्रेस 15 न्यूज। मिलिट्री स्टेडियम बनबसा में 23 से 29 नवंबर 2026 तक आयोजित होने वाली सेना भर्ती रैली की तैयारियों की जिलाधिकारी मनीष कुमार ने समीक्षा की। रैली में चम्पावत और पिथौरागढ़ जिलों के कुल 4,492 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
जिलाधिकारी ने बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य, परिवहन, ठहरने, भोजन, साफ-सफाई और शौचालय की व्यवस्थाएं सेना के अधिकारियों के समन्वय से समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अभ्यर्थियों के ठहरने के लिए धर्मशालाओं में इंतजाम करने और एंबुलेंस व चिकित्सा सुविधा उपलब्ध रखने को कहा।
भर्ती कार्यक्रम के अनुसार, 23 नवंबर को 834, 24 नवंबर को 949 और 25 नवंबर को 990 अभ्यर्थी पिथौरागढ़ जिले की विभिन्न तहसीलों से भाग लेंगे। 26 नवंबर को चम्पावत, पाटी और पूर्णागिरि तहसील के 988 तथा 27 नवंबर को लोहाघाट-बाराकोट और तकनीकी व ट्रेड्समैन श्रेणी के 731 अभ्यर्थी भर्ती में शामिल होंगे। 28-29 नवंबर को मेडिकल और दस्तावेज जांच होगी।
बैठक में पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, कर्नल अमोल डाबड़गावो, सूबेदार मेजर अरुण शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान, अधिशासी अभियंता जल संस्थान आर.पी. डोभाल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। एसडीएम टनकपुर प्रमोद कुमार और एआरटीओ वर्चुअल माध्यम से जुड़े।
(लोहाघाट से वरिष्ठ पत्रकार गणेश दत्त पांडेय की रिपोर्ट ✍️)











