
लोहाघाट, प्रेस 15 न्यूज। नेपाल सीमा से लगे गांवों में बगवाल महोत्सव शुरू हो गया है। एक दर्जन से अधिक गांवों में खूब चहल-पहल है और लोग भक्तिभाव में डूबे हुए हैं। महोत्सव में शामिल होने के लिए विभिन्न स्थानों से प्रवासी अपने गांवों का रुख कर चुके हैं और कई लोग पहुंच भी गए हैं।
महालक्ष्मी पूजन की रात गिरगढ़ में पारंपरिक खेल खेला गया। पहले यहां कटरे (भैंस के बच्चे) की बलि देकर उसके सिर से गेंद बनाकर यह खेल खेला जाता था, लेकिन अब यह परंपरा समाप्त हो चुकी है और श्रीफल से इसकी रस्में निभाई जा रही हैं।
एक दर्जन गांवों के लोगों ने जत्थों के साथ पहुंचकर मंदिर की परिक्रमा की। पुरुषों ने ढुस्के गाए, जबकि महिलाओं ने झोड़ा गायन कर मां भगवती के जयकारे लगाए। परिक्रमा के बाद मां भगवती, कैलपाल, छलेवाड़ी और रौल देवता के अवतरित डांगरों ने सभी को आशीर्वाद दिया। इसी दिन मझपीपल और बगोटी के लिए युवा बाजे-गाजों के साथ भगवती मंदिर की ओर रवाना हुए।
ग्राम प्रधान महेश जोशी, महोत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष आनंद जोशी, संतोक धौनी, दयाकृष्ण उपाध्याय, प्रवीण पांडे, शेखर पांडे और भुवन भट्ट सहित अनेक लोग आयोजन को भव्य बनाने में जुटे हैं। भैया दूज के दिन भगवती मंदिर मझपीपल और बूंगा से मां भगवती की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी।
(लोहाघाट से वरिष्ठ पत्रकार गणेश दत्त पांडेय की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट ✍️)











