
लोहाघाट/चंपावत, प्रेस 15 न्यूज। दीपावली का त्योहार खुशियों और रोशनी का पर्व है, लेकिन पटाखों के साथ बरती गई जरा सी लापरवाही किसी की जिंदगी में हमेशा के लिए अंधेरा कर सकती है। इस दीपावली पटाखों के बारूद से आंखें झुलसने के पांच मामले सामने आए। गनीमत रही कि समय रहते उपचार मिलने से पांचों लोगों की नेत्र ज्योति बच गई। लोहाघाट में तैनात नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. विराज राठी ने तत्परता दिखाते हुए सभी मरीजों का बारीकी से उपचार किया और उनकी आंखों की रोशनी सुरक्षित रखने में सफलता हासिल की।
दीपावली के दौरान पटाखों से आंखों को होने वाले नुकसान को लेकर डॉ. राठी पहले ही लोगों को सतर्क कर चुके थे। इसके बावजूद पांच लोग पटाखों के बारूद से आंखें झुलसने के हादसे का शिकार हो गए। खास बात यह रही कि डॉ. राठी दीपावली के अवकाश के दौरान भी स्थानीय स्तर पर मरीजों के उपचार के लिए उपलब्ध रहे। यदि वह अवकाश पर चले गए होते तो मरीजों को तत्काल विशेषज्ञ उपचार मिलना मुश्किल हो सकता था।
बताया गया कि जिला चिकित्सालय में भी विशेषज्ञ चिकित्सक अवकाश पर थे। ऐसे में वहां पहुंचे कुछ हादसों के शिकार मरीजों को भी उपचार के लिए लोहाघाट आना पड़ा। डॉ. राठी ने सभी पांच मरीजों की आंखों की गंभीरता से जांच कर आवश्यक उपचार किया।
उल्लेखनीय है कि डॉ. विराज राठी इससे पूर्व भी आंखों से जुड़ी कई जटिल समस्याओं का सफल उपचार कर लोगों को नेत्र ज्योति प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं। दीपावली पर उनकी तत्परता ने एक बार फिर साबित किया कि समय पर मिला विशेषज्ञ उपचार किसी की जिंदगी में छाने वाले अंधेरे को रोक सकता है।
(लोहाघाट से वरिष्ठ पत्रकार गणेश दत्त पांडेय की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट ✍️)











