पर्दे के पीछे के नायक: जिन्होंने चम्पावत में दुग्ध क्रांति और जनसेवा को दी नई पहचान

खबर शेयर करें -

चम्पावत, प्रेस 15 न्यूज। राज्य स्थापना दिवस पर विकास की चर्चा हो और पशुपालन के क्षेत्र में डॉ. भरत चंद के योगदान का जिक्र न हो, तो बात अधूरी रह जाती है। उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति और लगन ने चम्पावत जिले में दूध उत्पादन की ऐसी क्रांति लाई, जिसके लिए पशुपालक आज भी उन्हें याद करते हैं।

पशुपालकों का मानना है कि जो काम करोड़ों की परियोजना से भी मुश्किल था, उसे डॉ. चंद ने बिना अतिरिक्त धन खर्च किए सिर्फ अपनी मेहनत से कर दिखाया।

Ad

डॉ. चंद के स्थानांतरण के बाद उनके काम को पशु चिकित्सा फार्मेसी अधिकारी जनक चंद लगातार आगे बढ़ा रहे हैं। उनके सधे हाथों से किए गए कृत्रिम गर्भाधान (एआई) को करीब 40 हजार गायों में अच्छी सफलता मिली है।

सेक्स सॉर्टेड वीर्य से एआई शुरू होने के बाद पशुपालकों के सामने नर बछड़ों के पालन की समस्या लगभग खत्म हो गई है। जनक चंद आज हर पशुपालक के लिए भरोसे का नाम बन गए हैं।

पिछले दो वर्षों से लोहाघाट में तैनात पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. जेपी यादव ने पशुपालन को और गति दी है। किसान परिवार से आने वाले डॉ. यादव पशु सर्जरी में माहिर माने जाते हैं। इलाज के दौरान कपड़े गोबर और गोमूत्र से सन जाएं, इसकी उन्हें परवाह नहीं रहती। उन्होंने कई ऐसे पशुओं को बचाया है, जिनके बचने की उम्मीद नहीं थी।

डॉ. यादव का कहना है कि पशु और पशुपालक हैं, तभी हमारी नौकरी का अस्तित्व है; उनकी सेवा में लापरवाही को ईश्वर भी माफ नहीं करेगा। वे जहां भी जाते हैं, क्षेत्र की परवाह किए बिना पशुओं का इलाज करते हैं। डॉ. यादव डॉ. भरत चंद को अपना गुरु मानते हैं और उन्हीं के बताए रास्ते पर चल रहे हैं।

दीपक गहतोड़ी: जिनकी मेज पर नहीं रुकती कोई फाइल

सरकारी योजनाओं को धरातल पर उतारना आसान नहीं होता, लेकिन गरीबों, विधवाओं और दिव्यांगों की मदद करने वाले समाज कल्याण विभाग में दीपक गहतोड़ी की कार्यशैली मिसाल बनी है। उनकी ईमानदारी और सेवा भाव के कारण लोग उन्हें दुआएं देते हैं।

बताया जाता है कि उनकी मेज पर कोई कागज नहीं रुकता। मॉडल जिले में 30 हजार से अधिक लोग विभाग की योजनाओं का लाभ ले रहे हैं, जिनमें से अधिकतर को दीपक व्यक्तिगत रूप से जानते हैं। जिला प्रशासन उन्हें कई बार सम्मानित भी कर चुका है।

(लोहाघाट से वरिष्ठ पत्रकार गणेश दत्त पांडेय की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट ✍️)

What’s your Reaction?
+1
0
+1
1
+1
0
+1
0
+1
0

Ad

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें