देशभर की 108 कलाकृतियों के बीच छाई उत्तराखंड की ऐपण कला, चंपावत की संजना ने रचा गौरव

खबर शेयर करें -

चंपावत, प्रेस 15 न्यूज। जिस ऐपण कला में पहाड़ की आस्था, परंपरा और संस्कृति की झलक बसती है, उसी लोकविरासत को चंपावत की संजना सिंह ने जयपुर के राष्ट्रीय मंच पर पहुंचाकर उत्तराखंड का मान बढ़ाया है।

जवाहर कला केंद्र में देशभर की 108 कलाकृतियों के बीच संजना की ऐपण कला ने देवभूमि की सांस्कृतिक पहचान को नई पहचान दिलाई। उनकी यह पहल न केवल लोककला के संरक्षण का संदेश देती है, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और परंपराओं से जोड़ने की प्रेरणा भी देती है।

Ad

उत्तराखंड की पारंपरिक लोककला ऐपण को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए चंपावत की संजना सिंह ने जयपुर में आयोजित भारतीय लोक कला प्रदर्शनी में प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया।

उन्होंने जवाहर कला केंद्र में आयोजित तीन दिवसीय प्रदर्शनी में ऐपण कला का प्रदर्शन कर उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को देशभर के कला प्रेमियों के सामने प्रस्तुत किया।

जिला सैनिक कल्याण अधिकारी चंपावत कर्नल उमेद सिंह (सेवानिवृत्त) की पत्नी संजना सिंह ने 20 से 22 नवंबर तक आयोजित इस प्रदर्शनी में सहभागिता की। KalaDhwani Art Foundation की ओर से आयोजित प्रदर्शनी का शुभारंभ 20 नवंबर को समाजसेवी एवं Pink Womaniya Club की निदेशक कनु मेहता ने किया।

प्रदर्शनी में देश के विभिन्न राज्यों के उभरते कलाकारों से लेकर राष्ट्रीय एवं राज्य पुरस्कार प्राप्त कलाकारों और पद्मश्री सम्मानित कलाकारों की लगभग 108 कलाकृतियां प्रदर्शित की गईं। इसमें मिथिला, मधुबनी, गोदना, तंजौर, टिकुली, पिछवाई और केरल की पट्टचित्र कला सहित विभिन्न पारंपरिक लोककला शैलियों को स्थान दिया गया।

संजना सिंह ने उत्तराखंड की विशिष्ट ऐपण कला के माध्यम से पहाड़ की लोकपरंपराओं, आस्था और सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया। उल्लेखनीय है कि ऐपण उत्तराखंड की प्राचीन पारंपरिक कलाओं में शामिल है, जिसका धार्मिक एवं मांगलिक आयोजनों में विशेष महत्व है।

जयपुर के प्रतिष्ठित कला मंच पर चंपावत की इस पारंपरिक कला का प्रदर्शन होने से जिले को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। उनकी इस सहभागिता को उत्तराखंड की लोककला के प्रचार-प्रसार और संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।

(लोहाघाट से वरिष्ठ पत्रकार गणेश दत्त पांडेय की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट ✍️)

What’s your Reaction?
+1
0
+1
1
+1
0
+1
0
+1
0

Ad

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें