
लोहाघाट, प्रेस 15 न्यूज। लोहाघाट विकासखंड के भारत-नेपाल सीमा से लगे पासम ग्राम पंचायत में महाकाली नदी के तट पर स्थित नागार्जुन बाबा मंदिर नगरूंघाट में 23 नवंबर की रात बैकुण्ठ चतुर्दशी के अवसर पर पारंपरिक नगरूंघाट मेले का आयोजन होगा।
मेले में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचने वाले देवरथ और देव जत्थे रातभर मंदिर की परिक्रमा करेंगे। अगले दिन सुबह देवताओं को महाकार्तिकी पूर्णिमा का स्नान कराया जाएगा।
मेले की तैयारियों को लेकर मंदिर एवं मेला समिति की बैठक हुई। इसमें बिजली, पानी, सड़क और अन्य व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। समिति ने इस वर्ष मेले को पूरी तरह नशामुक्त रखने का निर्णय लिया है। मेले में पारंपरिक धार्मिक आयोजनों के साथ भव्य गंगा आरती, भजन-कीर्तन और झोड़ा गायन भी होगा।
मेला समिति के अध्यक्ष जगदीश कलौनी और सचिव कमल बोहरा ने बताया कि सल्टा, बगोटी और जमरसों गांवों से चार देवरथ मेले में पहुंचेंगे। वहीं मजपीपल, लेटी, पासम, डुमडाई, देवकुंडा और सुनकुरी सहित विभिन्न गांवों के देव जत्थे रातभर मंदिर की परिक्रमा करेंगे। खटीमा और गुमदेश क्षेत्र की भजन मंडलियां भजन प्रस्तुत करेंगी, जबकि लोहाघाट के श्रद्धालु झोड़ा गायन से समां बांधेंगे।
मेले में विभिन्न समाजसेवियों का अतिथि के रूप में स्वागत भी किया जाएगा। समिति ने श्रद्धालुओं से धार्मिक परंपराओं का सम्मान करते हुए नशामुक्त मेले के आयोजन में सहयोग की अपील की है।
बैठक में कोषाध्यक्ष रमेश चंद, मेला प्रभारी विक्रम सिंह सामंत, ग्राम प्रधान चंद्रकांत तिवारी सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।
(लोहाघाट से वरिष्ठ पत्रकार गणेश दत्त पांडेय की रिपोर्ट ✍️)











