
मुख्यमंत्री धामी ने नारी शक्ति सम्मान समारोह में की छह घोषणाएं, 22 महिलाओं को किया सम्मानि
कालाढूंगी, प्रेस 15 न्यूज। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को कालाढूंगी स्थित राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित नारी शक्ति सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए छह महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 22 महिलाओं को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने कालाढूंगी क्षेत्र में 200 विद्युत पोल स्थापित करने, विधानसभा क्षेत्र के ग्राम गुजरौड़ा के नवाड़ तोक सैलानी में सड़क का नवनिर्माण करने और कालाढूंगी में मिनी स्टेडियम बनाने की घोषणा की। इसके अलावा गोडापड़ाव बाईपास मार्ग से ग्राम बजवालपुर-किशनपुर मार्ग का चौड़ीकरण, कालाढूंगी अस्पताल का उच्चीकरण तथा पर्यटन सत्र 2026-27 में कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में महिलाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए 70 अतिरिक्त महिला जिप्सियों के पंजीकरण की घोषणा की।
समारोह में मुख्यमंत्री ने उपस्थित माताओं-बहनों का स्वागत और अभिनंदन करते हुए सम्मानित होने वाली महिलाओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम केवल सम्मान समारोह नहीं, बल्कि उस शक्ति और साहस को नमन करने का अवसर है, जिसके बल पर मातृशक्ति ने हर क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। हमारी संस्कृति में कहा गया है, ‘यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवताः।’ नारी का वास्तविक सम्मान तभी है, जब उसे समान अवसर मिलें, उसके निर्णयों को महत्व दिया जाए और उसकी प्रतिभा को पहचान मिले।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नारी सशक्तिकरण को नई दिशा मिली है। स्वच्छ भारत मिशन, उज्ज्वला योजना, जनधन योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसे अभियानों ने महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण का प्रावधान भी ऐतिहासिक कदम है।
उन्होंने कहा कि पहाड़ की महिलाएं त्याग और परिश्रम की मिसाल हैं। सुबह सूरज निकलने से पहले ही उनका दिन शुरू हो जाता है। घर की जिम्मेदारियों के साथ बच्चों की देखभाल, पशुओं के लिए चारा, खेतों में काम और जंगल से लकड़ी व घास लाने जैसी अनेक जिम्मेदारियां वे निभाती हैं। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि उन्होंने बचपन से अपनी मां को सीमित संसाधनों में परिवार के लिए संघर्ष करते देखा है। मां ही उनकी सबसे बड़ी प्रेरणा और आदर्श हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने सरकारी सेवाओं में महिलाओं के लिए 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण और सहकारी समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया है। उत्तराखंड में 71 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से पांच लाख से अधिक ग्रामीण महिलाएं जुड़ी हैं। मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना के जरिए महिलाओं को अपने उत्पादों की बिक्री और बेहतर मूल्य प्राप्त करने के अवसर दिए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना के तहत अब तक करीब 700 महिलाओं को छह करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दी जा चुकी है। प्रदेश में लगभग 3.50 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।
वहीं, 12 हजार से अधिक महिलाएं बैंकिंग, कृषि, पशुपालन और डिजिटल भुगतान जैसी सामुदायिक सेवाओं से जुड़ी हैं। उन्होंने कहा कि एक दिसंबर को 5.20 लाख बहनों के खातों में दो किस्तों में धनराशि भेजी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नंदा गौरा योजना के तहत पात्र बेटियों के जन्म पर 11 हजार रुपये और 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने के बाद आगे की पढ़ाई के लिए 51 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है।
वहीं, स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू किए गए ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड से करीब 5,500 महिलाएं जुड़ी हैं। इस ब्रांड ने अब तक छह करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री दर्ज की है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं। इसी दिशा में प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू की गई है। अंकिता भंडारी प्रकरण का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार की भावनाओं का सम्मान करते हुए सरकार ने उनकी मांग पर सीबीआई जांच की सिफारिश की है। उन्होंने कहा कि न्याय की प्रक्रिया में हर सच सामने आना चाहिए और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का संकल्प उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाना है। इसमें मातृशक्ति की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने महिलाओं को उनके सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य करने का भरोसा दिलाया।
22 महिलाओं को किया सम्मानित
नारी शक्ति सम्मान समारोह में खेल, शिक्षा, स्वरोजगार और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया।
खेल एवं अन्य उपलब्धियों के लिए सम्मानित महिलाएं: संतोषी गुरुरानी, नमिता पाठक, निकिता सिंह, मोनी रावत, चंपा नैनवाल, ममता गुप्ता, गीतांजलि, हिना बिष्ट, नमिता, भार्गवी रावत, डौली बिष्ट और भूमिका जयंतवाल।
विभिन्न विभागों की ओर से सम्मानित महिलाएं: लखपति दीदी दमयंती बिष्ट, उद्यान विभाग से पदमा बोहरा (मशरूम उत्पादन), महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग से कंचन भंडारी, जिला उद्योग विभाग से मंजू रौतेला (ऐपण कला), कृषि विभाग से सावित्री गर्जोला तथा वन विभाग से शिवानी रावत, तनुजा खानायत, डौली, पूजा और रूपा को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट, विधायक बंशीधर भगत, सरिता आर्य, दीवान सिंह बिष्ट, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल सहित क्षेत्रीय जनता एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।











