
नैनीताल, प्रेस 15 न्यूज। कैंचीधाम के समीप निगलाट गांव में गुरुवार मध्यरात्रि को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बरेली निवासी पांच लोगों को लेकर जा रही स्विफ्ट डिजायर कार अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और पुलिस की टीम ने रात के अंधेरे में रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी को खाई से बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार मध्यरात्रि को आपदा कंट्रोल रूम को दुर्घटना की सूचना मिली। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। दुर्घटनाग्रस्त वाहन संख्या UP25EJ4586 में बरेली निवासी पांच लोग सवार थे। मौके पर पहुंची टीम ने पुलिस के साथ मिलकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीम ने चार घायलों को सुरक्षित खाई से बाहर निकाला और एंबुलेंस के माध्यम से उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), भवाली भेजा। वहीं, हादसे में मृत संदीप शर्मा का शव खाई से निकालकर आवश्यक कार्रवाई के लिए भवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घायलों में 23 वर्षीय सनी, 29 वर्षीय अनुज तिवाड़ी, संचित और रवि शामिल हैं। हादसे के समय कार अनुज चला रहा था।
(नैनीताल से वरिष्ठ पत्रकार कमल जगाती की रिपोर्ट ✍️)











