
लोहाघाट, प्रेस 15 न्यूज। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, अवसर मिले तो वे भी खुले आसमान में ऊंची उड़ान भर सकती हैं। नेपाल सीमा से लगे बिलदे गांव के निजी वाहन चालक श्याम सिंह मेहता और उनकी पत्नी नंदा देवी ने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि उनकी बेटी शीतल सेना अधिकारी बनकर देश की रक्षा पंक्ति को मजबूत करेगी। शीतल ने एनडीए की परीक्षा में राष्ट्रीय स्तर पर 14वां स्थान प्राप्त कर यह सपना साकार कर दिखाया है।
‘होनहार बिरवान के होत चिकने पात’ कहावत को चरितार्थ करती शीतल बचपन से ही मेधावी रही है। उसकी प्रतिभा को सरस्वती शिशु मंदिर पुलहिंडोला में तराशा गया।
इसके बाद जवाहर नवोदय विद्यालय चम्पावत में चयन हुआ, जहां से उसने 12वीं पास की। विद्यालय की हर प्रतियोगिता में वह अव्वल रही और प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर की कई प्रतियोगिताओं में भी शानदार प्रदर्शन किया।
जिले का नाम रोशन करने वाली प्रतिभाओं का लगातार हौसला बढ़ाते आ रहे जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बिलदे गांव पहुंचकर शीतल और उसके माता-पिता को सम्मानित किया।
उन्होंने कहा कि ऐसे होनहार बच्चों के माता-पिता का सम्मान करना हम सबके लिए गर्व की बात है। शीतल और उसके माता-पिता ने घर आए जिलाधिकारी का भावपूर्ण स्वागत करते हुए इसे कृष्ण-सुदामा मिलन जैसा संयोग बताया। शीतल ने कहा कि जिलाधिकारी हर व्यक्ति के चेहरे पर मुस्कान लाने के लिए लोगों को हर स्तर पर प्रोत्साहित करते हैं।
शीतल ने बताया कि भाई रोशन के आईटीबीपी में भर्ती होने और विद्यालय में एनसीसी कैडेट के रूप में मिले अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना ने उन्हें सेना में जाने के लिए प्रेरित किया। माता-पिता और भाई का आशीर्वाद उनके लिए जीवन ज्योति बना है।
नवोदय विद्यालय के प्राचार्य केके तिवारी ने बताया कि शीतल ने हर क्षेत्र में विद्यालय को गौरवान्वित किया है और विद्यालय परिवार उसे समारोहपूर्वक सम्मानित करेगा। गृह क्षेत्र के सरस्वती शिशु मंदिर में शीतल का सार्वजनिक अभिनंदन किया गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शीतल को बधाई देते हुए कहा कि ऐसी उपलब्धियां राज्य के युवाओं को नई प्रेरणा देती हैं और इससे सबका मनोबल भी बढ़ता है। क्षेत्रीय विधायक कुशाल सिंह अधिकारी, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सतीश चंद्र पांडे, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी सहित अनेक लोगों ने शीतल को बधाई दी है। उसके घर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
(लोहाघाट से वरिष्ठ पत्रकार गणेश दत्त पांडेय की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट ✍️)











