
हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। जनता से सीधा संवाद और उनकी समस्याओं, अपेक्षाओं व सुझावों को समझना जनसेवा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसी उद्देश्य से भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं समाजसेवी गुंजन तिवारी ने करायल चतुरसिंह क्षेत्र में मातृशक्ति और पूर्व सैनिकों के साथ संवाद कर उनकी बात सुनी।
इस दौरान उन्होंने क्षेत्र और प्रदेश के विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करते हुए जनकल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी व्यक्त की।
महर्षि विद्यालय के पास आयोजित संवाद के दौरान गुंजन तिवारी ने मातृशक्ति से क्षेत्र एवं प्रदेश की प्राथमिकताओं, उनकी चिंताओं और रोजमर्रा की चुनौतियों के बारे में जानकारी ली।
उन्होंने महिलाओं से इन समस्याओं के समाधान के लिए सुझाव भी मांगे। साथ ही केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी नीतियों एवं योजनाओं को लेकर अपने विचार साझा किए।
इसके बाद उन्होंने क्षेत्र के पूर्व सैनिकों से मुलाकात कर संवाद किया। इस दौरान राष्ट्रवाद, सैनिकों के सम्मान और लोककल्याण के प्रति भाजपा की प्रतिबद्धता को दोहराया। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनाने के संकल्प को भी व्यक्त किया।
इस जनसंवाद के माध्यम से गुंजन तिवारी ने मातृशक्ति और पूर्व सैनिकों के सुझावों एवं विचारों को विकास की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।











