
जिले के पहले जिलाधिकारी नवीन चंद शर्मा ने तहसीलदार के दफ्तर में ली थी जॉइनिंग, खुद लगाई थी झाड़ू
जब टूटी जिप्सी और उधार की कुर्सियों से शुरू हुआ था चम्पावत जिले का सफर
29 माह के कार्यकाल में रखी जिले की बुनियाद, उतीस रोपण और पॉलिथीन मुक्त अभियान से बनाई अलग पहचान
चम्पावत, प्रेस 15 न्यूज। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में आज मॉडल जिला चम्पावत विकास की चकाचौंध से जगमगा रहा है। चौड़ी सड़कें, आधुनिक भवन और नई-नई योजनाएं जिले की नई पहचान बन रही हैं, लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि इस जिले की शुरुआत कितने अभावों में हुई थी। 15 सितंबर 1997 को उत्तर प्रदेश सरकार ने उत्तराखंड क्षेत्र में चम्पावत समेत तीन नए जिलों के गठन की घोषणा की थी।
तब पहाड़ की माटी और ग्रामीण परिवेश से निकले आईएएस अधिकारी नवीन चंद शर्मा को जिले का पहला जिलाधिकारी बनाया गया। दिलचस्प बात यह है कि उस समय वे अफ्रीका गए हुए थे और उन्हें यह पता भी नहीं था कि चम्पावत जिला बन गया है।
जिलाधिकारी के रूप में उनकी यात्रा की शुरुआत ही चुनौतियों से हुई। लखनऊ से चम्पावत आते समय खटीमा से ही उन्हें राज्य आंदोलनकारियों पर हुए अत्याचार के विरोध में सड़कों पर उतरे लोगों का सामना करना पड़ा।
चम्पावत पहुंचे तो जिला मुख्यालय को लेकर लोहाघाट और चम्पावत के बीच खींचतान छिड़ी हुई थी। नए जिले को विरासत में मिली एक टूटी जिप्सी, जिसका पीछे का शीशा तक उखड़ा हुआ था।
ऐतिहासिक तहसील के किले के अलावा यहां न थाना था, न पेट्रोल पंप, न वर्कशॉप, न एसडीएम कार्यालय और न ही अन्य सरकारी भवन। उस समय लोहाघाट, चम्पावत की तुलना में कहीं अधिक सुविधाजनक नगर माना जाता था।
हालात इतने विपरीत थे कि शर्मा को अपनी जॉइनिंग तहसीलदार के दफ्तर में देनी पड़ी, लेकिन जीवन के संघर्षों को हंसते हुए झेलने वाले शर्मा ने कदम पीछे नहीं हटाए।
पहले ही दिन उन्होंने नगर का पैदल भ्रमण कर हालात को समझा। गोरलचौड़ रोड पर जिला सैनिक कल्याण अधिकारी के पुराने और जर्जर भवन की मरम्मत कराकर उन्होंने उसे अपना कार्यालय बनाया। यहां उन्होंने खुद झाड़ू लगाई और मरम्मत के काम में मजदूरों के साथ हाथ भी बंटाया। बैठने के लिए कुर्सियां तक उधार लेनी पड़ीं।
उस समय जिले के पास न बजट था और न कलेक्ट्रेट का कोई स्टाफ। इसके बावजूद शर्मा ने हिम्मत नहीं हारी। वे रोज रात में यह तय करते थे कि आज क्या हुआ और कल क्या करना है, और अगले दिन उसी रोडमैप पर काम शुरू हो जाता था। पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता पीएन पति उस दौर में परछाई की तरह उनके साथ रहते थे और जिले की बुनियादी जरूरतों को पूरा करने में अहम भूमिका निभाते थे।
शर्मा ने उसी दौर में चम्पावत को मॉडल जिला बनाने का सपना देखा और उसकी प्रक्रिया भी शुरू कर दी थी। उनकी योजना थी कि चम्पावत के 10 किलोमीटर दायरे में आने वाले गांवों को नोटिफाइड कर नियोजित विकास किया जाए।
वे सर्किट हाउस को गौड़ी रोड पर स्थापित करना चाहते थे। लेकिन 29 माह के कार्यकाल में सामने आई कई गंभीर चुनौतियों के कारण वे जिले को पूरी तरह मॉडल रूप नहीं दे पाए। बताया जाता है कि इसका मलाल उन्हें आज भी है।
किसी भी स्थान के भूगोल को तुरंत समझ लेना शर्मा की खासियत थी। उनकी पारखी नजर एक बार में ही किसी जगह का पूरा खाका तैयार कर लेती थी।
अपने कार्यकाल में उन्होंने मानेश्वर पार्क और सूखीढांग के पास दर्शनीय प्वाइंट विकसित किए, जो पर्यटकों को खूब भाए। भविष्य में पानी की किल्लत को भांपते हुए उन्होंने बड़े पैमाने पर उतीस के पौधे लगवाए, जो आज जिले के लिए वॉटर टावर का काम कर रहे हैं।
स्वच्छता को लेकर भी शर्मा का विजन साफ था। उन्होंने चम्पावत को नीट एंड क्लीन और पॉलिथीन मुक्त बनाने की ऐसी मुहिम चलाई कि उनके कार्यकाल में शहर स्वच्छता के लिए पहचाना जाने लगा और कहीं पॉलिथीन नजर नहीं आती थी।
तत्कालीन डीएफओ शेषु कुमार के साथ उनकी सोच इतनी मिलती थी कि दोनों मिलकर जिले के नियोजन से जुड़े कार्य करते थे।
“पिथौरागढ़ से चली गई श्री
वर्ष 1997 में पिथौरागढ़ से अलग होकर चम्पावत जिला अस्तित्व में आया। तब पिथौरागढ़ के जिलाधिकारी रहे देवेश चतुर्वेदी ने कहा था कि अब पिथौरागढ़ जिला अनाथ जैसा हो गया है। उनका कहना था कि मां पूर्णागिरि धाम, मां बाराही धाम, अद्वैत आश्रम मायावती और मीठे रीठे के चमत्कार के लिए दुनियाभर में प्रसिद्ध गुरुद्वारा रीठा साहिब जैसे स्थल अब चम्पावत में चले गए हैं, जिससे पिथौरागढ़ से मानो श्री ही चली गई है।
उन्होंने यह भी कहा था कि चम्पावत के लोग खुशनसीब हैं, जिन्हें नवीन शर्मा जैसा कर्मयोगी जिलाधिकारी मिला है। उनके द्वारा रखी जा रही बुनियाद लोगों के भविष्य और सपनों को मजबूत आधार देगी और चम्पावत का भविष्य उज्ज्वल होगा।
(लोहाघाट से वरिष्ठ पत्रकार गणेश दत्त पांडेय की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट ✍️)











