Inspiring News: एक अधिकारी के जुनून ने बदल दी हजारों महिलाओं की तकदीर

खबर शेयर करें -

चंपावत, प्रेस 15 न्यूज। किसी अधिकारी की असली पहचान उसकी कुर्सी या पद से नहीं, बल्कि उन जिंदगियों से होती है, जिनमें वह उम्मीद की नई रोशनी भरता है। चम्पावत में सहायक परियोजना निदेशक (एपीडी) विम्मी जोशी ने अपने काम से इसी सोच को साकार किया है।

उन्होंने ग्रामीण महिलाओं के हुनर को पहचाना, उनके भीतर छिपे आत्मविश्वास को जगाया और उन्हें आत्मनिर्भरता की राह दिखाई। कभी घर की चारदीवारी तक सीमित रहने वाली महिलाएं आज अपने उत्पादों के दम पर बाजार में पहचान बना रही हैं और परिवार की आर्थिक मजबूती का आधार बन रही हैं। उनके प्रयासों से चम्पावत में हजारों महिलाओं की जिंदगी बदली है।

Ad

यह सिर्फ सरकारी योजनाओं की सफलता की कहानी नहीं, बल्कि एक ऐसी अधिकारी की कर्मठता, संवेदनशीलता और ईमानदार कोशिशों की मिसाल है, जिन्होंने महिलाओं को रोजगार के साथ आत्मसम्मान से जीने का अवसर भी दिया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मॉडल जिले चम्पावत में ग्रामीण महिलाएं आज आत्मनिर्भरता की नई कहानी लिख रही हैं। जो महिलाएं कभी घर की चारदीवारी तक सीमित थीं, वे आज अपने उद्यमों के दम पर स्वाभिमान से जीवन जी रही हैं।

इस बदलाव में सहायक परियोजना निदेशक (एपीडी) विम्मी जोशी की अहम भूमिका मानी जाती है। उनके आने के बाद महिलाओं के लिए रोजगार के कई नए अवसर खुले और जिले को कई बार प्रादेशिक और राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिला।

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जिले की 17,237 महिलाएं जुड़कर अपनी सफलता की कहानी लिख रही हैं, जिनमें से 11,128 महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। जिले में दूध उत्पादन में भी इन महिलाओं की बड़ी भूमिका है। महिलाएं बुरांश और प्राकृतिक सिट्रस फलों से ऐसे पेय तैयार कर रही हैं, जो बाजार में बड़े ब्रांडों को टक्कर दे रहे हैं।

फूड कैंटीन और कृषि उत्पादों की बिक्री में भी महिलाओं ने कमाल किया है। यहां का लाल चावल, प्राकृतिक जूस और शहद अब विदेशों तक पहुंच रहा है। हाथ से बनी लोहे की कढ़ाइयां चम्पावत की पहचान बन चुकी हैं और यहां का तेजपात देश के कोने-कोने में जा रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग पर बापरू में बनाया गया कैफे हाउस पर्यटकों को खूब भा रहा है, जहां वे प्राकृतिक नजारों के बीच कॉफी का आनंद लेते हैं।

जंगलों में आग का बड़ा कारण माने जाने वाले पिरूल को महिलाओं ने रोजगार का जरिया बना लिया है। इससे ईंधन ब्रिकेट और घर सजाने का सामान तैयार किया जा रहा है। समूहों की बेकरी, नमकीन और मसालों का स्वाद ऐसा है कि वे समूह के नाम से ही बिक रहे हैं। होली, दीपावली और करवा चौथ जैसे त्योहारों की जरूरत का सामान भी महिलाएं खुद तैयार कर रही हैं। अब पाटी ब्लॉक में कीवी और टनकपुर-बनबसा में आम व लीची उत्पादन पर भी ध्यान दिया जा रहा है।

एपीडी विम्मी जोशी की योजना अब एक ऐसा गिफ्ट आइटम तैयार करने की है, जो चम्पावत की अलग पहचान बने। उनका कहना है कि यह उपहार जिस घर जाएगा, उसे रोशन करेगा। अपने कार्यकाल में उन्हें कई तबादलों का सामना भी करना पड़ा। विधायक सुबोध उनियाल ने उनकी कार्यक्षमता को देखते हुए उन्हें अपने क्षेत्र में बुलाया था, जहां वे साढ़े तीन साल रहीं।

जिलाधिकारी मनीष कुमार का कहना है कि मॉडल जिले में महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए एपीडी द्वारा किए जा रहे ईमानदार प्रयासों की जितनी प्रशंसा की जाए, कम है।

ईमानदार प्रयास हमेशा दिखाते हैं परिणाम 

एपीडी विम्मी जोशी का कहना है कि हर क्षेत्र में ईमानदारी से प्रयास किया जाए तो उसके परिणाम जरूर सामने आते हैं। पारिवारिक संस्कारों से मिली ईमानदारी को वे अपनी सबसे बड़ी ताकत मानती हैं। जिले की स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं भी उनके साथ मजबूती से खड़ी हैं। उनका कहना है कि ऐसी अधिकारी के साथ उनका मान-सम्मान जुड़ा हुआ है।

(लोहाघाट से वरिष्ठ पत्रकार गणेश दत्त पांडेय की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट ✍️)

What’s your Reaction?
+1
1
+1
1
+1
0
+1
0
+1
0

Ad

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें