
हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। आर्डन प्रोग्रेसिव स्कूल, लामाचौड़ में बाल दिवस बड़े ही हर्षोल्लास, उत्साह एवं उमंग के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर बच्चों की मुस्कान, हँसी और खुशियों से सराबोर नजर आया।
कार्यक्रम का शुभारंभ शिक्षकों द्वारा आयोजित विशेष प्रार्थना सभा से हुआ। इस दौरान शिक्षकों ने विद्यार्थियों के लिए मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। मधुर संगीत और बच्चों को समर्पित आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। शिक्षकों की इन विशेष प्रस्तुतियों ने बाल दिवस के उत्सव को और भी यादगार बना दिया।
इस अवसर पर शिक्षकों द्वारा सभी विद्यार्थियों को मिठाइयां वितरित की गईं। बच्चों ने इस विशेष आयोजन का भरपूर आनंद लिया। शिक्षकों ने बच्चों के प्रति अपना स्नेह व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय के ट्रस्टी एवं प्रबंधक भुवन चंद्र उपाध्याय ने बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बच्चे देश और समाज का भविष्य हैं। उनकी प्रतिभा को पहचानकर उसे निखारना और उन्हें अच्छे संस्कारों के साथ जीवन में आगे बढ़ने के अवसर देना हम सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि बच्चों को एक अच्छा इंसान, जिम्मेदार नागरिक और संवेदनशील व्यक्तित्व बनाना भी है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे में कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है, जरूरत है उसे प्रोत्साहित करने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का अवसर देने की।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य विरेन्द्र सिंह ने भी सभी बच्चों को बाल दिवस की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों के प्रति प्रेम, सम्मान एवं उनके सर्वांगीण विकास के महत्व को रेखांकित करना रहा। विद्यालय में आयोजित यह समारोह खुशियों, उमंग और आत्मीयता के साथ संपन्न हुआ।











