Haldwani: एपीएस बना युवा क्रिकेट प्रतिभाओं का मंच, पीएसए अंडर-14 टूर्नामेंट का शानदार आगाज

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। खेल केवल जीत और हार का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त मंच भी हैं। मैदान पर पसीना बहाने वाला हर खिलाड़ी जीवन में संघर्ष करना, चुनौतियों का सामना करना और लक्ष्य हासिल करना सीखता है।

इसी सोच को प्रोत्साहित करते हुए आर्डन प्रोग्रेसिव स्कूल, लामाचौड़ में पीएसए (पब्लिक स्कूल एसोसिएशन) के तत्वावधान में अंतरविद्यालयी अंडर-14 क्रिकेट प्रतियोगिता का उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ।

Ad

प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर विद्यालय प्रबंधन एवं आयोजन समिति ने प्रतिभागी टीमों का स्वागत किया और खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक ट्रस्टी भुवन चंद्र उपाध्याय, प्रधानाचार्य वीरेंद्र सिंह एवं विद्यालय परिवार ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन की कामना की।

प्रतियोगिता का पहला मुकाबला निर्मला कॉन्वेंट स्कूल और शेमफोर्ड स्कूल के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए शेमफोर्ड स्कूल की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 63 रन बनाए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी निर्मला कॉन्वेंट स्कूल की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए मात्र 7.2 ओवर में एक विकेट खोकर 67 रन बना लिए। इस तरह निर्मला कॉन्वेंट स्कूल ने नौ विकेट से शानदार जीत दर्ज कर प्रतियोगिता में विजयी शुरुआत की।

निर्मला कॉन्वेंट स्कूल के खिलाड़ी तेजस बिष्ट ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए मात्र 20 गेंदों में नाबाद 38 रन बनाए। वहीं जयवर्धन गुरुरानी ने नाबाद 20 रनों का योगदान दिया। दोनों खिलाड़ियों की शानदार बल्लेबाजी ने टीम को आसान जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

मैच में मोहित बिष्ट और गोपाल गैड़ा ने अंपायर तथा अर्जुन बिष्ट ने मैच रेफरी की भूमिका निभाई।

खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाना प्राथमिकता : भुवन चंद्र उपाध्याय

विद्यालय के ट्रस्टी प्रबंधक भुवन चंद्र उपाध्याय ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। खेल के मैदान में बच्चे अनुशासन, धैर्य, टीम भावना, नेतृत्व और हार के बाद दोबारा उठकर आगे बढ़ने का साहस सीखते हैं।

उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेल एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी अपनी प्रतिभा दिखाने के पर्याप्त अवसर मिलें। प्रतियोगिताएं बच्चों को अपनी क्षमताओं को पहचानने और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करती हैं।

ट्रस्टी प्रबंधक भुवन चंद्र उपाध्याय ने कहा कि जीतने वाले खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि जो टीमें आज सफल नहीं हो पाईं, वे भी निराश न हों, बल्कि अपनी कमियों से सीख लेकर आगे बढ़ें। खेल में सबसे बड़ी उपलब्धि स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, निरंतर अभ्यास और खेल भावना के साथ आगे बढ़ना है।

विद्यालय प्रबंधन ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रहे सभी विद्यालयों की टीमों को शुभकामनाएं देते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

Ad

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें