UOU का 11वां दीक्षांत समारोह: 14,857 शिक्षार्थियों को मिलीं उपाधियां, मेधावी विद्यार्थियों ने जीते स्वर्ण पदक

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय का 11वां दीक्षांत समारोह बुधवार को गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने आठ शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि तथा 36 मेधावी शिक्षार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किए।

वहीं, भारतीय रेल सेवा के 1980 बैच के सेवानिवृत्त अधिकारी एवं प्रख्यात प्रशासनिक विशेषज्ञ अश्वनी लोहनी को मानद उपाधि से सम्मानित किया गया। शैक्षणिक सत्र 2025-26 में विभिन्न पाठ्यक्रमों की पढ़ाई पूरी करने वाले कुल 14,857 शिक्षार्थियों को डिजिलॉकर के माध्यम से उपाधियां प्रदान की गईं।

Ad

समारोह में उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत विशिष्ट अतिथि तथा राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (नैक) की कार्यकारी समिति के अध्यक्ष एवं विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. नागेश्वर राव विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय परिसर में स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा के अनावरण और शौर्य दीवार पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।

21 वर्षों की शैक्षणिक यात्रा में विश्वविद्यालय की उपलब्धियां

कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने विश्वविद्यालय की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि विश्वविद्यालय अपनी स्थापना के 21 वर्ष पूरे कर चुका है। वर्तमान में आठ क्षेत्रीय केंद्रों और 144 अध्ययन केंद्रों के माध्यम से 94 शैक्षणिक कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इस वर्ष हरिद्वार में नया क्षेत्रीय कार्यालय स्थापित किया गया है।

विश्वविद्यालय ने परीक्षा परिणाम 15 कार्यदिवसों में जारी किए। 231 जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से 22,261 लोगों तक पहुंच बनाई गई तथा एक लाख दस हजार से अधिक पुस्तकें निःशुल्क वितरित की गईं।

विश्वविद्यालय ने आठ गांव गोद लिए हैं तथा सैन्य प्रतिष्ठानों और कारागारों में पांच विशेष अध्ययन केंद्र स्थापित किए हैं। ‘हैलो हल्द्वानी 91.2 एफएम’, ‘फिन बोध’, ‘उत्तरावाणी’ और ‘मुक्त ज्ञान कोष’ जैसी पहलें भी संचालित की जा रही हैं। विश्वविद्यालय के शिक्षकों ने सात पेटेंट डिजाइन और 135 शोध पत्रों के माध्यम से उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।

आठ शोधार्थियों को पीएचडी

दीक्षांत समारोह में पीएचडी उपाधि प्राप्त करने वालों में किरण कुमार, प्रवीण लखेड़ा, प्रीती वर्मा, हिमानी तिवारी पाण्डेय, राधा, अंकुर मित्तल, दीपक सोराड़ी और मयूर बघरवाल शामिल रहे।

स्वर्ण पदक विजेताओं की सूची

विश्वविद्यालय के अनुसार 36 स्वर्ण पदकों में 30 विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक, दो कुलाधिपति स्वर्ण पदक तथा चार प्रायोजित स्वर्ण पदक शामिल हैं। विश्वविद्यालय द्वारा जारी सूची में चयनित मेधावियों का विवरण इस प्रकार है।

विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक – स्नातक स्तर: शिवर्णा धौनी (बीए), मोहित गुनसोला (बीकॉम), मोनिका खत्री (बीएड विशेष शिक्षा-श्रवण बाधित), विनीता अग्रि (बीएड विशेष शिक्षा-दृष्टिबाधित), तनुजा चुफाल (विशेष शिक्षा स्नातक-बौद्धिक दिव्यांगता), संगीता लिम्बू (बीएड विशेष शिक्षा-अधिगम दिव्यांगता) और जितेन्द्र (बीएलआईएस)।

विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक – स्नातकोत्तर स्तर: सोनिया नेगी (अर्थशास्त्र), वंदना ध्यानी (शिक्षा), वंशिता अग्रवाल (अंग्रेजी), सरिता पालनी (भूगोल), भूमिका मनराल (इतिहास), अंजू कपरी (हिंदी), हिमांशु उप्रेती (राजनीति विज्ञान), नीलम जोशी (समाजशास्त्र), प्रियंका शर्मा (एमबीए), ललित कांडपाल (एमसीए), पवन ममगाईं (एमकॉम), प्रेरणा भट्ट (एमएलआईएस), मिताली पांडेय (वनस्पति विज्ञान), कुमारी आस्था (रसायन विज्ञान), प्रदीप चन्द्र मिश्रा (गणित), ज्योत्सना जोशी (प्राणी विज्ञान), मोहन चन्द्र घिल्डियाल (समाज कार्य), अनुज भार्गव (संस्कृत) और पूजा भट्ट (मनोविज्ञान)।

एनईपी स्वर्ण पदक: प्रकाश चन्द्र (बीए), अपराजिता जोशी (बीसीए), दिव्यांशु (बीकॉम) और सुषांत कुमार (बीएससी)।

कुलाधिपति स्वर्ण पदक: जितेन्द्र (बीएलआईएस) और प्रेरणा भट्ट (एमएलआईएस)।

प्रायोजित स्वर्ण पदक: अपराजिता जोशी को लाला देवकी नंदन नंद किशोर एजेंसीज स्मृति स्वर्ण पदक, प्रेरणा भट्ट को श्रीमती शीला देवी स्मृति स्वर्ण पदक तथा पवन ममगाईं को श्रीमती भगवती देवी स्मृति स्वर्ण पदक के लिए चयनित किया गया है।

विशेष शिक्षा स्नातक (बौद्धिक दिव्यांगता) में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए तनुजा चुफाल को कल्याण भवति समिति पदक हेतु भी चयनित किया गया है।

अश्वनी लोहनी को मानद उपाधि

अश्वनी लोहनी भारतीय रेल बोर्ड के अध्यक्ष, एयर इंडिया के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक तथा भारतीय पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं। विश्व की सबसे पुरानी चालू भाप इंजन रेलगाड़ी ‘फेयरी क्वीन’ के पुनरुद्धार एवं संचालन के लिए उनका नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज है।

चार अभियांत्रिकी विधाओं में डिग्री-समकक्ष योग्यताएं अर्जित करने के लिए भी उनका नाम लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज है। वर्तमान में वह प्रधानमंत्री संग्रहालय एवं पुस्तकालय सोसाइटी, नई दिल्ली के निदेशक हैं।

शिक्षा, शोध और रोजगार पर जोर

उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि शिक्षा केवल रोजगार प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्ति, समाज और राष्ट्र के समग्र विकास का आधार है। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020, शोध, नवाचार, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, ड्रोन तकनीक, डेटा साइंस और साइबर सुरक्षा जैसे उभरते क्षेत्रों में विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने युवाओं से नौकरी तलाशने के साथ रोजगार सृजन की दिशा में भी प्रयास करने का आह्वान किया।

प्रो. नागेश्वर राव ने मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा को उच्च शिक्षा का महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक माध्यम बताते हुए आजीवन सीखने और व्यक्तिगत विकास को राष्ट्र के विकास से जोड़ने पर बल दिया। उन्होंने विश्वविद्यालय की सामाजिक पहलों, गोद लिए गए गांवों और सैनिकों एवं कारागारों में स्थापित अध्ययन केंद्रों की सराहना की।

राज्यपाल बोले, स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने से रुकेगा पलायन

राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने उपाधि प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि दीक्षांत समारोह केवल उपाधि प्राप्त करने का अवसर नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति नई जिम्मेदारियों की शुरुआत है। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्र प्रथम की भावना अपनाने, संवैधानिक कर्तव्यों का पालन करने और नशे से दूर रहने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में पलायन की समस्या का समाधान स्थानीय स्तर पर शिक्षा, कौशल और रोजगार के अवसर विकसित करने में निहित है। पर्यटन, होमस्टे, जैविक कृषि, उद्यानिकी, योग, आयुर्वेद और स्थानीय उत्पादों में रोजगार एवं उद्यमिता की व्यापक संभावनाएं हैं।

उन्होंने विश्वविद्यालय से इन क्षेत्रों में शोध और कौशल विकास को बढ़ावा देने की अपेक्षा की। साथ ही हिमालय और पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, वृक्षारोपण तथा महिला सशक्तीकरण पर भी जोर दिया।

समारोह के दौरान विश्वविद्यालय की पत्रिका ‘उड़ान’ का विमोचन किया गया तथा शैक्षणिक एवं शोध कार्यों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले प्राध्यापकों को सम्मानित किया गया। संगीत विभाग की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के अधिकारी, विभिन्न विद्याशाखाओं के निदेशक, प्राध्यापक, कर्मचारी, शोधार्थी, विद्यार्थी और उनके परिजन उपस्थित रहे।

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

Ad

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें