
हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। किसी कलाकार की सबसे बड़ी कमाई दर्शकों की तालियां और उनके चेहरों पर आई मुस्कान होती है। वर्षों की साधना जब मंच पर उतरती है तो अभिनय महज मनोरंजन नहीं, बल्कि दिलों को छू लेने वाली कला बन जाता है।
हल्द्वानी के वरिष्ठ रंगकर्मी एवं लोक कलाकार शंभू दत्त ‘साहिल’ ने शुक्रवार को सरस आजीविका मेले में कुछ ऐसा ही कर दिखाया। सदी के महानायक अमिताभ बच्चन की आवाज, अदायगी और अंदाज को जिस खूबसूरती से उन्होंने मंच पर जीवंत किया, उसे देखकर दर्शक हंसी से लोटपोट हो गए। उनकी प्रस्तुति पर तालियां देर तक गूंजती रहीं। सांसद अजय भट्ट भी उनके अभिनय से अभिभूत नजर आए और उन्होंने साहिल को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।
सरस आजीविका मेला 2026 के चौथे दिन महिलाओं के लिए विशेष कॉमेडी शो ‘कौन बनेगा लखपति दीदी’ का आयोजन किया गया। इसमें शंभू दत्त ‘साहिल’ ने अमिताभ बच्चन के लोकप्रिय अंदाज में मंच संभालते हुए ऐसा समां बांधा कि पूरा पंडाल हंसी और ठहाकों से गूंज उठा। उनकी दमदार आवाज, संवाद अदायगी, हावभाव और शानदार हाजिरजवाबी ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
रंगमंच से बड़े पर्दे तक बनाई पहचान
शंभू दत्त ‘साहिल’ अभिनय की दुनिया में वर्षों से सक्रिय हैं। रंगमंच से लेकर बड़े पर्दे तक उन्होंने अपने अभिनय की अलग पहचान बनाई है। हरियाणवी फिल्म ‘खिलाड़ी छोरा’, पंजाबी फिल्म ‘कसम सिंदूर की’ और कुमाऊंनी फिल्म ‘गढ़ कुमौं’ को उन्होंने अपने अभिनय से यादगार बनाया है।
वहीं, दूरदर्शन के धारावाहिक ‘वारदात’ में भी वह नजर आ चुके हैं। रंगमंच पर ‘दो दुखों का एक सुख’, ‘पांच लोफर’ और ‘चरणदास चोर’ जैसे नाटकों में उनके अभिनय को सराहना मिली है। इसके अलावा कई कुमाऊंनी और गढ़वाली गीतों में भी उन्होंने अभिनय किया है। इसके साथ ही हल्द्वानी में रामलीला के मंचों पर भी उन्होंने विभिन्न पात्रों का अभिनय कर खूब तालियां बटोरी हैं। उत्तराखंडी सिनेमा, लोक संस्कृति और रंगमंच से उनका जुड़ाव उनकी बहुआयामी कलात्मक प्रतिभा को दर्शाता है।
सांसद अजय भट्ट ने ट्रॉफी देकर किया सम्मानित
कार्यक्रम में मौजूद सांसद अजय भट्ट सहित अन्य गणमान्य लोग भी शंभू दत्त ‘साहिल’ की अदाकारी के मुरीद नजर आए। सांसद ने उन्हें ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। यह सम्मान केवल एक शानदार प्रस्तुति का नहीं, बल्कि वर्षों से अपनी कला के माध्यम से लोगों के चेहरों पर मुस्कान बिखेर रहे एक कलाकार के हुनर और समर्पण का भी सम्मान रहा।
कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने हॉट सीट पर बैठकर रोचक सवालों के जवाब दिए। इस दौरान दीदियों ने अपनी आजीविका, उत्पादों और समूहों की सफलता की कहानियां भी साझा कीं।
शंभू दत्त ‘साहिल’ और दीदियों के बीच हुए मजेदार सवाल-जवाब तथा कॉमेडी से भरपूर नोक-झोंक ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने इस अनोखे शो का भरपूर आनंद लिया।
सीडीओ अरविंद कुमार पांडे ने कहा कि सरस मेला केवल उत्पादों की बिक्री का मंच नहीं है, बल्कि ग्रामीण महिलाओं की प्रतिभा, आत्मविश्वास और आर्थिक आत्मनिर्भरता को पहचान दिलाने का भी माध्यम है। ‘कौन बनेगा लखपति दीदी’ जैसे कार्यक्रमों के जरिए लखपति दीदी योजना का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय, परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, सहायक परियोजना अधिकारी चंद्रा फर्त्याल, जिला कार्यक्रम अधिकारी अनुलेखा बिष्ट, बाल विकास परियोजना अधिकारी प्रियंका गढ़िया, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत सहित अन्य अधिकारी, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं एवं बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि सरस आजीविका मेला हल्द्वानी में तीन दिसंबर तक आयोजित किया जा रहा है। मेले में देशभर के 250 स्टॉलों पर हस्तशिल्प, हथकरघा, पहाड़ी उत्पाद, स्थानीय व्यंजन एवं पारंपरिक कलाकृतियों की प्रदर्शनी और बिक्री जारी है।











