गर्व: नैनीताल के गोपाल, चंद्रयान की कहानी के हीरो

खबर शेयर करें -

नैनीताल, प्रेस 15 न्यूज। सपने जब जिद बन जाएं और मेहनत जब पहचान, तब छोटे शहर भी बड़े सितारे पैदा करते हैं। पहाड़ों की शांत वादियों से निकलकर देश के सबसे बड़े डिजिटल मंच तक पहुंचना किसी एक व्यक्ति की सफलता नहीं, बल्कि हजारों युवाओं के सपनों की उड़ान होती है। उसी उड़ान का नाम है गोपाल दत्त तिवारी।

जिओ हॉटस्टार की बहुप्रतीक्षित और प्रेरक वेब सीरीज ‘स्पेस जेन चंद्रयान’ में नैनीताल के अभिनेता गोपाल दत्त तिवारी मुख्य भूमिका में नजर आएंगे।

Ad

इस सीरीज में गोपाल इसरो (भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन) के प्रमुख साइंटिफिक एडवाइजर राकेश मोहंती की भूमिका निभा रहे हैं। उनका दमदार संवाद “हम दुनिया को दिखा देंगे कि लूनर साउथ पोल पर पहुंचने वाला पहला देश भारत ही होगा” सीरीज की आत्मा और भारत के वैज्ञानिक संकल्प को दर्शाता है।

वेब सीरीज की कहानी चंद्रयान मिशन पर आधारित है, जिसमें चंद्रयान-2 के दौरान विक्रम लैंडर के खो जाने से देश की प्रतिष्ठा पर आए संकट और उसके बाद वैज्ञानिकों के संघर्ष, चुनौतियों और दृढ़ संकल्प को प्रभावशाली ढंग से दिखाया गया है।

इसरो के सामने आई तकनीकी कठिनाइयों, मानसिक दबाव और मिशन की सफलता की यात्रा को सीरीज में बेहद भावनात्मक और प्रेरणादायक तरीके से प्रस्तुत किया गया है।

नैनीताल में जन्मे और शिक्षित गोपाल दत्त तिवारी की प्रारंभिक शिक्षा भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय, जी.आई.सी. नैनीताल और डी.एस.बी. कैंपस से हुई। चार भाइयों में दूसरे नंबर के गोपाल बचपन से ही बहुमुखी प्रतिभा के धनी रहे हैं। उन्होंने कैमिस्ट्री से स्नातक करने के बाद नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (एनएसडी), दिल्ली से अभिनय की विधिवत शिक्षा प्राप्त की।

गोपाल दत्त तिवारी ने वर्ष 1999 से लेखक और रंगमंच कलाकार के रूप में अपने करियर की शुरुआत की और अभिनय के साथ-साथ लेखन में भी पहचान बनाई। वे ‘द ऑफिस’, ‘कालकूट’, ‘दिल्ली क्राइम’ जैसी चर्चित वेब सीरीज के अलावा ‘मुझे कुछ कहना है’, ‘तेरे नाम’, ‘फिल्मिस्तान’, ‘बंटी और बबली-2’, ‘अतरंगी रे’ और ‘दिल्लगी’ जैसी अनेक फिल्मों में अपनी सशक्त अभिनय और कॉमिक टाइमिंग का लोहा मनवा चुके हैं। इसके साथ ही उन्होंने ‘बुधिया सिंह: बॉर्न टू रन’, ‘डेविड’ जैसी फिल्मों के लिए गीत लेखन भी किया है।

‘स्पेस जेन चंद्रयान’ युवाओं के लिए एक प्रेरणादायक वेब सीरीज मानी जा रही है, जो भारत के वैज्ञानिक आत्मविश्वास, संकल्प और संघर्ष की कहानी को दर्शाती है। इसमें गोपाल दत्त तिवारी का किरदार कहानी को मजबूती और भावनात्मक गहराई देता है।

पारिवारिक पृष्ठभूमि की बात करें तो गोपाल की माता स्वर्गीय बसंती तिवारी और पिता स्वर्गीय देवी दत्त तिवारी, पोस्ट ऑफिस और टेलीकॉम विभाग से सेवानिवृत्त हुए। उनका निधन कोविड महामारी के दौरान हुआ था। उनके बड़े भाई भुवन तिवारी प्रोफेसर हैं, जबकि छोटे भाई डॉ. चारु तिवारी द्वाराहाट इंजीनियरिंग कॉलेज में कार्यरत हैं। सबसे छोटे भाई मुकुल तिवारी पुणे की एक कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं।

नैनीताल जैसे छोटे शहर से निकलकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान बना रहे गोपाल दत्त तिवारी आज युवाओं के लिए प्रेरणा का प्रतीक बन चुके हैं। ‘स्पेस जेन चंद्रयान’ में उनकी भूमिका न सिर्फ उनके करियर का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, बल्कि उत्तराखंड और नैनीताल के लिए भी गर्व का विषय है।

(नैनीताल से वरिष्ठ पत्रकार कमल जगाती की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट ✍️)

What’s your Reaction?
+1
2
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें