
देहरादून, प्रेस 15 न्यूज। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय की पत्रकारिता एवं मीडिया अध्ययन विद्याशाखा की ओर से देहरादून परिसर में एमएजेएमएमसी चतुर्थ सेमेस्टर के विद्यार्थियों के लिए आयोजित चार दिवसीय अनिवार्य शोध कार्यशाला का मंगलवार, 24 नवंबर को समापन हो गया।
21 से 24 नवंबर, 2026 तक आयोजित इस कार्यशाला का संचालन विद्याशाखा के निदेशक प्रो. राकेश चन्द्र रयाल के निर्देशन में किया गया।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को शोध की अवधारणा, प्रक्रिया, पद्धति एवं व्यावहारिक पक्षों से परिचित कराना तथा उन्हें लघु शोध कार्य के लिए आवश्यक अकादमिक दक्षताएं प्रदान करना था।
चार दिवसीय कार्यशाला के विभिन्न सत्रों में विशेषज्ञ के रूप में धर्मानंद उनियाल राजकीय महाविद्यालय, नरेंद्र नगर के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. सरंचना सचदेवा, सुभारती विश्वविद्यालय, मेरठ के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. सुभाष थलेड़ी, हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय, श्रीनगर गढ़वाल के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. दिनेश भट्ट, वरिष्ठ पत्रकार डॉ. अजय ढौंढियाल तथा संयुक्त निदेशक, सूचना एवं लोक संपर्क निदेशालय, उत्तराखंड, डॉ. नितिन उपाध्याय ने विद्यार्थियों को एक बेहतर लघुशोध तैयार करने हेतु मार्गदर्शन प्रदान किया।
विशेषज्ञों ने सामाजिक अनुसंधान एवं शोध प्रविधि, शोध के तत्व एवं प्रकार, शोध संदर्भ एवं संदर्भ ग्रंथ सूची, संचार शोध में मीडिया और समाज की भूमिका, न्यू मीडिया एवं सामाजिक शोध, रिपोर्ट लेखन तथा लघु शोध निर्माण जैसे महत्त्वपूर्ण विषयों पर व्याख्यान दिए।
विद्यार्थियों को शोध प्रस्ताव (सिनॉप्सिस) तैयार करने, शोध डिजाइन, साहित्यिक चोरी (प्लेजरिज्म) से बचने तथा शोध में मौलिकता एवं नैतिक मूल्यों के पालन की जानकारी भी दी गई।
समापन सत्र में विद्याशाखा के निदेशक प्रो. राकेश चन्द्र रयाल ने कहा कि शोध केवल अकादमिक उपाधि प्राप्त करने का माध्यम नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य समाज और धरातल से जुड़े प्रश्नों का समाधान तलाशना भी होना चाहिए। शोध के निष्कर्षों का वास्तविक जीवन में सकारात्मक प्रभाव दिखाई देना चाहिए, तभी उसकी सार्थकता सिद्ध होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से शोध कार्य में मौलिकता, तथ्यपरकता, निष्पक्षता एवं शोध नैतिकता का विशेष ध्यान रखने का आह्वान किया।
कार्यशाला के समापन अवसर पर प्रो. राकेश चन्द्र रयाल एवं संयुक्त निदेशक, सूचना एवं लोक संपर्क निदेशालय, उत्तराखंड, डॉ. नितिन उपाध्याय ने कार्यशाला में प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए।











