34 हजार दुग्ध उत्पादकों को नैनीताल दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा की बड़ी सौगात: दूध खरीद मूल्य में बढ़ोतरी, 295.52 करोड़ ₹ का बजट पास

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। दुग्ध कारोबार से जुड़े हजारों परिवारों के लिए अच्छी खबर है। अब उन्हें दूध की कीमत के रूप में पहले से अधिक भुगतान मिलेगा। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ ने फरवरी माह से दूध खरीद मूल्य में तीन रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी करने का निर्णय लिया है।

शनिवार को आयोजित संघ के 77वें वार्षिक सामान्य निकाय अधिवेशन में यह घोषणा अध्यक्ष मुकेश बोरा ने की। अधिवेशन में 295 करोड़ 52 लाख रुपये का बजट भी पारित किया गया। इस फैसले का लाभ संघ से जुड़े करीब 34 हजार दुग्ध उत्पादक परिवारों को मिलेगा।

Ad

हल्द्वानी के पीलीकोठी स्थित बैंक्वेट हॉल में आयोजित अधिवेशन का शुभारंभ नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान दुग्ध संघ की उपलब्धियों, भविष्य की योजनाओं और पशुपालकों के हितों से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई। अधिवेशन में संघ से जुड़ी 710 दुग्ध समितियों के प्रतिनिधियों ने भागीदारी की।

कार्यक्रम में कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत, महापौर गजराज सिंह बिष्ट, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेन्द्र सिंह बिष्ट, राज्यमंत्री रेनू अधिकारी, राज्यमंत्री मोहन पाठक, पूर्व विधायक नवीन दुमका, प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी, दुग्ध विकास विभाग उत्तराखंड के निबंधक/निदेशक बीएस चलाल, उपनिदेशक संजय उपाध्याय, देहरादून दुग्ध संघ अध्यक्ष ठाकुर भूमि सिंह, यूसीडीएफ सामान्य प्रबंधक आरएम तिवारी, उप सामान्य प्रबंधक पी एंड आई पीएस नागपाल और प्रबंधक पीएस नगरकोटी सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

उत्कृष्ट पशुपालकों पर बरसी पुरस्कारों की सौगात

अधिवेशन में दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पशुपालकों को सम्मानित किया गया। विशेष पुरस्कार समारोह में मैदानी क्षेत्र महिला वर्ग में प्रभपाल सिंह को प्रथम पुरस्कार के रूप में 31 हजार रुपये, हिमानी बिष्ट को 25 हजार, पुष्पा बिष्ट को 21 हजार और दीपा बिष्ट को 17 हजार रुपये प्रदान किए गए।

पर्वतीय क्षेत्र महिला वर्ग में कमला देवी को 25 हजार, गंगा देवी को 21 हजार और पुष्पा जोशी को 17 हजार रुपये देकर सम्मानित किया गया।

पुरुष वर्ग के मैदानी क्षेत्र में कृपाल सिंह को 25 हजार, जगपाल सिंह को 21 हजार और स्नेहपाल सिंह को 17 हजार रुपये दिए गए। वहीं पर्वतीय क्षेत्र में चिंतामणि को 25 हजार, श्याम नारायण को 21 हजार और कृपाल सिंह को 17 हजार रुपये का पुरस्कार प्रदान किया गया।

इसके अलावा आठ विकासखंडों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दुग्ध उत्पादकों को भी सम्मानित किया गया। बिंदुखत्ता क्षेत्र के नौ पुरुष और नौ महिला दुग्ध उत्पादकों सहित कुल 31 उत्पादकों को 3 लाख 74 हजार 850 रुपये के चेक वितरित किए गए। वहीं मैदानी और पर्वतीय क्षेत्रों के दस सचिवों तथा 15 दुग्ध विक्रेताओं को 2 लाख 76 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी गई। संस्था के उत्कृष्ट कार्य करने वाले अनुभागाध्यक्षों और कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया। इस प्रकार कुल 6 लाख 50 हजार 850 रुपये की पुरस्कार राशि वितरित की गई।

34 हजार परिवारों का हित सर्वोपरि : मुकेश बोरा

अध्यक्ष मुकेश बोरा ने दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा के दिशा-निर्देशों का उल्लेख करते हुए फरवरी माह से दूध खरीद मूल्य में तीन रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की घोषणा की। उन्होंने कहा कि दुग्ध संघ का उद्देश्य पशुपालकों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के साथ दुग्ध व्यवसाय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है। संघ से जुड़े 34 हजार दुग्ध उत्पादक परिवारों का हित सर्वोपरि है और उनके विश्वास को बनाए रखना संस्था की प्राथमिकता है।

राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य ने दुग्ध संघ की कार्यप्रणाली और अध्यक्ष मुकेश बोरा के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सहकारी संस्थाओं की मजबूती ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभाती है। वहीं महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र में शीघ्र आंचल मिल्क पार्लर खोलने का आश्वासन दिया। इससे शहरवासियों को गुणवत्तापूर्ण दुग्ध उत्पाद उपलब्ध हो सकेंगे।

कार्यक्रम का संचालन प्रशासन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी ने किया। प्रशासनिक कार्यों में उनके योगदान की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित भी किया गया।

इस अवसर पर संचालक मंडल सदस्य गोविंद सिंह मेहता, कृष्ण कुमार शर्मा, आनंद सिंह नेगी, पुष्पा देवी, खष्टी देवी, दीपा देवी, हेमा देवी, दीपा देवी रैक्वाल एवं थान सिंह बिष्ट सहित दुग्ध संघ के सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, वित्त प्रभारी उमेश पठालनी, पी एंड आई प्रभारी सुभाष बाबू, सुरेश चंद्र, खलील अहमद सहित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

Ad

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें