
नई दिल्ली/देहरादून, प्रेस 15 न्यूज। जिस आशंका की चर्चा पिछले कई दिनों से हो रही थी, आखिरकार वही हुआ। देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बड़ा इजाफा कर दिया गया है। पेट्रोल 3.14 रुपये और डीजल 3.11 रुपये प्रति लीटर महंगा हो गया है। नई दरों के बाद राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 97.91 रुपये और डीजल 90.78 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है।
ईरान-अमेरिका युद्ध और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के चलते अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में भारी उछाल आया है। कुछ समय पहले तक करीब 70 डॉलर प्रति बैरल रहने वाला क्रूड ऑयल अब 126 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच चुका है। इसका सीधा असर भारत की तेल कंपनियों पर पड़ा, जिन्हें प्रतिदिन करीब एक हजार करोड़ रुपये और महीने में लगभग 30 हजार करोड़ रुपये का नुकसान उठाना पड़ रहा था।
करीब चार वर्षों से स्थिर चल रही पेट्रोल-डीजल की कीमतों में अब बड़ा बदलाव देखने को मिला है। दिल्ली में पेट्रोल 94.77 रुपये से बढ़कर करीब 97.77 रुपये प्रति लीटर हो गया, जबकि डीजल 87.67 रुपये से बढ़कर 90.67 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। विशेषज्ञों के अनुसार पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के कारण ईंधन आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिससे वैश्विक बाजार में दबाव बढ़ा है।
28 फरवरी को शुरू हुए ईरान-अमेरिका संघर्ष के बाद भी सरकार लंबे समय तक खुदरा कीमतें बढ़ाने से बचती रही, लेकिन तेल कंपनियों पर बढ़ते आर्थिक दबाव के चलते आखिरकार कीमतों में बढ़ोतरी का फैसला लिया गया।
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से ईंधन का विवेकपूर्ण उपयोग करने, अनावश्यक विदेश यात्राओं को टालने और विदेशी मुद्रा बचाने की अपील की थी। रुपये में गिरावट के बीच भारतीय मुद्रा अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95 के नीचे पहुंच गई है, जिससे आयातित कच्चे तेल का बोझ और बढ़ गया है।





