
जॉब अलर्ट, प्रेस 15 न्यूज। देश की अर्द्धसैनिक सेवाओं में अधिकारी बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए सुनहरा अवसर सामने आया है। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्सेस (असिस्टेंट कमांडेंट) परीक्षा 2026 के माध्यम से कुल 349 पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस भर्ती के तहत देश के प्रमुख अर्द्धसैनिक बलों में महिला एवं पुरुष अधिकारियों की नियुक्ति की जाएगी। इच्छुक अभ्यर्थी 12 मार्च 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
पदवार रिक्तियों की बात करें तो सीमा सुरक्षा बल (BSF) में 108 पद, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) में 106 पद, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) में 12 पद, सशस्त्र सीमा बल (SSB) में 53 पद तथा केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) में 70 पद निर्धारित किए गए हैं। ITBP के लिए केवल पुरुष उम्मीदवार ही पात्र होंगे।
शैक्षणिक योग्यता के अंतर्गत अभ्यर्थी का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से किसी भी विषय में स्नातक डिग्री होना अनिवार्य है। स्नातक के अंतिम वर्ष में अध्ययनरत उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन शुल्क सामान्य वर्ग के लिए 200 रुपये रखा गया है, जिसका भुगतान ऑनलाइन या एसबीआई की किसी भी शाखा में किया जा सकता है। एससी/एसटी वर्ग एवं महिला उम्मीदवारों को शुल्क से पूरी तरह छूट दी गई है।
आयु सीमा न्यूनतम 20 वर्ष और अधिकतम 25 वर्ष से कम निर्धारित की गई है। आयु की गणना 1 अगस्त 2026 के आधार पर होगी।
चयन प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी की जाएगी। पहले लिखित परीक्षा, उसके बाद शारीरिक दक्षता एवं शारीरिक मानक परीक्षण, और अंत में साक्षात्कार/व्यक्तित्व परीक्षण।
आवेदन के लिए अभ्यर्थी upsconline.nic.in पर जाकर अधिसूचना देख सकते हैं और ऑनलाइन पंजीकरण कर आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। अर्द्धसैनिक बलों में अधिकारी बनकर देशसेवा का यह अवसर युवाओं के करियर को नई दिशा देने वाला है।









