कौशल से करियर तक: उत्तराखंड के राजकीय आईटीआई में प्रवेश शुरू, 25 जुलाई तक करें आवेदन

खबर शेयर करें -

नैनीताल, प्रेस 15 न्यूज। उत्तराखंड में कौशल विकास एवं व्यावसायिक शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में वर्ष 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। इच्छुक छात्र-छात्राएं विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षण के लिए 25 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

राजकीय आईटीआई बेतालघाट में कार्यरत उप नोडल अधिकारी (प्रवेश समिति) कुमाऊं मंडल राजेंद्र पांडे ने बताया कि कुमाऊं मंडल के 37 राजकीय आईटीआई में ड्यूल ट्रेनिंग सिस्टम (डीटीएस) के तहत प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई है। इस योजना में प्रशिक्षार्थियों को संस्थान में प्रशिक्षण के साथ-साथ चयनित कंपनियों में भी व्यावहारिक प्रशिक्षण का अवसर मिलेगा।

Ad

उन्होंने बताया कि एक वर्षीय पाठ्यक्रम के प्रशिक्षार्थी 6 माह संस्थान और 6 माह कंपनी में प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे, जबकि द्विवर्षीय पाठ्यक्रम के प्रशिक्षार्थी एक वर्ष आईटीआई और एक वर्ष कंपनी में प्रशिक्षण लेंगे। कंपनी में प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षार्थियों को औद्योगिक कार्यप्रणाली, अनुशासन, समय प्रबंधन, व्यवहारिक कौशल का अनुभव मिलेगा तथा नियमानुसार मानदेय भी प्रदान किया जाएगा।

राजेंद्र पांडे ने बताया कि संस्थान स्तर पर प्रशिक्षार्थियों को ड्रेस उपलब्ध कराई जाती है। प्रत्येक वर्ष परिसर में रोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेले आयोजित किए जाते हैं, जिससे प्रशिक्षण के दौरान ही युवाओं को रोजगार के अवसर मिलते हैं।

वहीं स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए जिला उद्योग केंद्र, एमएसएमई और बैंक अधिकारियों द्वारा ऋण योजनाओं एवं सरकारी सहायता की जानकारी भी दी जाती है, ताकि युवा अपना रोजगार स्थापित कर सकें और पलायन को रोकने में योगदान दे सकें।

उन्होंने यह भी बताया कि अग्निवीर भर्ती में आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को नियमानुसार वरीयता का लाभ मिलता है।

महत्वपूर्ण तिथियां

ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि: 25 जुलाई 2026

आवेदन संशोधन: 22 से 25 जुलाई 2026

मेरिट सूची जारी: 26 जुलाई 2026

विकल्प भरने की तिथि: 27 जुलाई से 2 अगस्त 2026

प्रथम काउंसलिंग सूची: 4 अगस्त 2026

प्रवेश प्रक्रिया: 4 अगस्त से 10 अगस्त 2026

उप नोडल अधिकारी ने अभिभावकों एवं छात्र-छात्राओं से अपील की है कि वे किसी भी कार्यदिवस में अपने नजदीकी राजकीय आईटीआई से संपर्क कर या आईटीआई की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से प्रवेश संबंधी जानकारी प्राप्त कर समय पर आवेदन करें।

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें