Uttarakhand: जीबी पंत इंजीनियरिंग संस्थान के 6 छात्रों का शानदार प्लेसमेंट, 4.20 लाख ₹ सालाना पैकेज

खबर शेयर करें -

पौड़ी, प्रेस 15 न्यूज। गोविंद बल्लभ पंत इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (जीबी पंत इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी), घुड़दौड़ी के लिए एक और गौरवपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। संस्थान के छह विद्यार्थियों का देश की प्रतिष्ठित केईआई इंडस्ट्रीज़ लिमिटेड में 4.20 लाख रुपये वार्षिक वेतन पैकेज पर चयन हुआ है। विद्यार्थियों की इस सफलता से संस्थान में खुशी का माहौल है।

चयनित विद्यार्थियों में आशमित राणा, हिमांशु रत्ना, निखिल सैनी, दुव्यांशु बिष्ट, भावेश तिवारी और साहिल भंडारी शामिल हैं। इन सभी विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर देश की अग्रणी औद्योगिक कंपनी में स्थान बनाकर संस्थान का नाम रोशन किया है।

Ad

संस्थान के निदेशक डॉ. वीके बंगा ने सभी चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता संस्थान में दी जा रही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, तकनीकी प्रशिक्षण और बेहतर प्लेसमेंट व्यवस्था का परिणाम है।

प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट प्रकोष्ठ के डीन डॉ. कमलजीत सिंह भाटिया ने कहा कि संस्थान उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप विद्यार्थियों को कौशल विकास और रोजगारपरक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। इसी का परिणाम है कि विद्यार्थियों को लगातार प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार के अवसर मिल रहे हैं।

इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभागाध्यक्ष डॉ. संजय गैरोला तथा डॉ. एमके अग्रवाल ने भी चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके सफल एवं उज्ज्वल करियर की कामना की।

इस सफल प्लेसमेंट अभियान के आयोजन एवं समन्वय में विभागीय प्लेसमेंट समन्वयकों डॉ. सचिन नेगी और डॉ. पुष्कर परवीन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। संस्थान परिवार ने उनके प्रयासों की सराहना करते हुए विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया।

संस्थान प्रशासन ने कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणादायक है और भविष्य में भी संस्थान बेहतर प्लेसमेंट तथा गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा के लिए निरंतर प्रयास करता रहेगा।

What’s your Reaction?
+1
2
+1
2
+1
0
+1
0
+1
0

Ad

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें