
देहरादून, प्रेस 15 न्यूज। उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने अकाउंट्स कैडर के तहत ग्रुप-सी के 379 पदों पर सीधी भर्ती के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। इच्छुक अभ्यर्थी 26 जुलाई 2026 से 15 अगस्त 2026 तक आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
इस भर्ती अभियान के तहत असिस्टेंट अकाउंटेंट, अकाउंटेंट, असिस्टेंट अकाउंटेंट/जूनियर ऑडिटर, ऑफिस असिस्टेंट-III (अकाउंट्स) तथा कैशियर कम असिस्टेंट अकाउंटेंट के पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। आयोग के अनुसार लिखित परीक्षा 12 अक्तूबर 2026 को प्रस्तावित है।
महत्वपूर्ण तिथियां
- अधिसूचना जारी : 21 जुलाई 2026
- ऑनलाइन आवेदन शुरू : 26 जुलाई 2026
- आवेदन की अंतिम तिथि : 15 अगस्त 2026
- आवेदन संशोधन : 18 से 20 अगस्त 2026
- लिखित परीक्षा : 12 अक्तूबर 2026
कुल रिक्तियां
- असिस्टेंट अकाउंटेंट – 372 पद
- ऑफिस असिस्टेंट-III (अकाउंट्स) – 5 पद
- अकाउंटेंट – 1 पद
- कैशियर कम असिस्टेंट अकाउंटेंट – 1 पद
कुल पद – 379
इन विभागों में होगी भर्ती
भर्ती उत्तराखंड सरकार के विभिन्न विभागों एवं संस्थानों में की जाएगी। इनमें प्रमुख रूप से उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPCL), पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन ऑफ उत्तराखंड (PTCUL), यूजेवीएन लिमिटेड (UJVNL), उत्तराखंड पर्यटन विकास बोर्ड, उत्तराखंड जल संस्थान, निदेशालय विभागीय लेखा, जिला कोषागार, अभियोजन विभाग, ब्रिडकुल (BRIDCUL) तथा उत्तराखंड विद्युत नियामक आयोग (UERC) शामिल हैं।
शैक्षणिक योग्यता
पद के अनुसार अलग-अलग शैक्षणिक योग्यताएं निर्धारित की गई हैं। अधिकांश पदों के लिए बीकॉम, बीबीए, एमकॉम, एमबीए (फाइनेंस), पीजीडीबीए (फाइनेंस) अथवा अन्य निर्धारित योग्यताएं मांगी गई हैं। कुछ पदों के लिए कंप्यूटर ज्ञान, टाइपिंग दक्षता एवं अनुभव भी आवश्यक है। अभ्यर्थियों को आवेदन से पहले विस्तृत अधिसूचना का अध्ययन करने की सलाह दी गई है।
आयु सीमा
भर्ती के लिए आयु सीमा 18 से 42 वर्ष निर्धारित की गई है। अधिकांश पदों के लिए न्यूनतम आयु 21 वर्ष है, जबकि कुछ पदों के लिए 18 वर्ष रखी गई है। आयु की गणना 1 जुलाई 2026 के आधार पर होगी। आरक्षित वर्गों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी।
वेतनमान
चयनित अभ्यर्थियों को पद के अनुसार लेवल-4 से लेवल-6 के तहत ₹25,500 से ₹1,12,400 प्रति माह तक वेतन मिलेगा।
चयन प्रक्रिया
- वस्तुनिष्ठ (ऑब्जेक्टिव) लिखित परीक्षा
- टाइपिंग टेस्ट (जहां लागू, केवल क्वालिफाइंग)
- दस्तावेज सत्यापन
आवेदन शुल्क
- सामान्य / ओबीसी : ₹300
- एससी / एसटी / ईडब्ल्यूएस / दिव्यांग : ₹150
- अनाथ अभ्यर्थी : निःशुल्क
विशेष: इच्छुक अभ्यर्थी आवेदन करने से पहले आयोग द्वारा जारी विस्तृत अधिसूचना का ध्यानपूर्वक अध्ययन करें और अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते ऑनलाइन आवेदन पूरा करें।









