
देहरादून/नैनीताल, प्रेस 15 न्यूज। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने नैनीताल उच्च न्यायालय के अधीनस्थ सिविल एवं पारिवारिक न्यायालयों में कनिष्ठ सहायक तथा आशुलिपिक ग्रेड-1/निजी सहायक के कुल 398 पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। इच्छुक एवं योग्य अभ्यर्थी 22 जून से 6 जुलाई 2026 तक आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
आयोग के अनुसार, कनिष्ठ सहायक पद के लिए अभ्यर्थी का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक होना अनिवार्य है। साथ ही हिंदी एवं अंग्रेजी भाषा का पर्याप्त ज्ञान होना चाहिए।
अभ्यर्थी को हिंदी टंकण में कम से कम 25 शब्द प्रति मिनट की गति प्राप्त होनी चाहिए। अंग्रेजी टंकण में 30 शब्द प्रति मिनट की गति रखने वाले अभ्यर्थियों को वरीयता दी जाएगी। कंप्यूटर संचालन का सामान्य ज्ञान भी आवश्यक है।
वहीं आशुलिपिक ग्रेड-1/निजी सहायक पद के लिए भी स्नातक योग्यता अनिवार्य रखी गई है। अभ्यर्थी को हिंदी एवं अंग्रेजी भाषा का अच्छा ज्ञान होना चाहिए। हिंदी आशुलिपि में 80 शब्द प्रति मिनट तथा हिंदी टंकण में 25 शब्द प्रति मिनट की गति आवश्यक है। अंग्रेजी आशुलिपि में 80 शब्द प्रति मिनट और अंग्रेजी टंकण में 35 शब्द प्रति मिनट की गति रखने वाले अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। कंप्यूटर संचालन का ज्ञान भी अनिवार्य है।
आवेदन शुल्क: सामान्य वर्ग एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 300 रुपये निर्धारित किया गया है। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के अभ्यर्थियों को 150 रुपये शुल्क देना होगा। दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए भी शुल्क 150 रुपये रखा गया है, जबकि अनाथ अभ्यर्थियों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।









