
देहरादून/ टनकपुर, प्रेस 15 न्यूज। लखनऊ स्टेशन पर कॉनकोर्स (यात्री सुविधाओं से जुड़े ऊपरी मार्ग) के लॉचिंग कार्य के लिए यातायात एवं पावर ब्लॉक दिए जाने के कारण पूर्वोत्तर रेलवे ने कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का मार्ग अस्थायी रूप से परिवर्तित किया है।
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि परिचालनिक सुगमता सुनिश्चित करने के लिए 14 जून से 23 जून 2026 तक विभिन्न ट्रेनों का संचालन बदले हुए मार्ग से किया जाएगा।
रेलवे के अनुसार, 15075 शक्तिनगर-टनकपुर एक्सप्रेस तथा 15073 सिंगरौली-टनकपुर एक्सप्रेस 14 से 23 जून तक उतरेटिया-ट्रांसपोर्ट नगर-आलमनगर मार्ग से चलाई जाएंगी। इसी प्रकार 15074 टनकपुर-सिंगरौली एक्सप्रेस और 15076 टनकपुर-शक्तिनगर एक्सप्रेस का संचालन आलमनगर-ट्रांसपोर्ट नगर-उतरेटिया मार्ग से किया जाएगा।
इसके अलावा 15119 बनारस-देहरादून एक्सप्रेस 14 से 23 जून तक उतरेटिया-ट्रांसपोर्ट नगर-आलमनगर के रास्ते संचालित होगी, जबकि 15120 देहरादून-बनारस एक्सप्रेस का संचालन आलमनगर-ट्रांसपोर्ट नगर-उतरेटिया मार्ग से किया जाएगा।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि यात्रा से पूर्व अपनी ट्रेन की अद्यतन स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।








