
लालकुआं, प्रेस 15 न्यूज। ग्रीष्मकाल में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने बड़ी सौगात दी है। यात्रियों की सुविधा के लिए 05045/05046 लालकुआं-राजकोट-लालकुआं ग्रीष्मकालीन साप्ताहिक विशेष ट्रेन का संचालन किया जाएगा।
इस संबंध में जानकारी देते हुए मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी, पूर्वोत्तर रेलवे पंकज कुमार सिंह ने बताया कि यह ट्रेन सीमित अवधि के लिए चलाई जाएगी।
05045 लालकुआं-राजकोट ग्रीष्मकालीन साप्ताहिक विशेष गाड़ी का संचालन 05 अप्रैल से 26 अप्रैल 2026 तक प्रत्येक रविवार को किया जाएगा। यह ट्रेन लालकुआं से दोपहर 12:35 बजे प्रस्थान कर किच्छा, बहेड़ी, इज्जतनगर, बरेली, कासगंज, मथुरा, जयपुर, जोधपुर होते हुए अगले दिन शाम 18:10 बजे राजकोट पहुंचेगी।
उन्होंने बताया कि वापसी में 05046 राजकोट-लालकुआं विशेष ट्रेन 06 अप्रैल से 27 अप्रैल 2026 तक प्रत्येक सोमवार को राजकोट से रात 22:30 बजे रवाना होगी और विभिन्न प्रमुख स्टेशनों से होते हुए तीसरे दिन सुबह 05:15 बजे लालकुआं पहुंचेगी।
यह विशेष ट्रेन कुल 4 फेरों के लिए चलाई जाएगी, जिससे उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और गुजरात के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
यह ट्रेन किच्छा, बहेड़ी, इज्जतनगर, बरेली सिटी, बरेली जंक्शन, बदायूं, कासगंज, हाथरस, मथुरा, भरतपुर, जयपुर, फुलेरा, जोधपुर, जालोर, भीलड़ी, महेसाना, सुरेंद्रनगर सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी।
कोच संरचना की जानकारी देते हुए मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि इस ट्रेन में कुल 20 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें 02 एसएलआरडी, 11 शयनयान श्रेणी, 02 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, 01 वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी तथा 04 सामान्य द्वितीय श्रेणी के कोच शामिल हैं।
रेलवे प्रशासन की इस पहल को यात्रियों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है, खासकर गर्मी के सीजन में जब लंबी दूरी की ट्रेनों में भीड़ काफी बढ़ जाती है।





